AUS vs WI: सिक्योरिटी गार्ड ने गाबा में ऑस्ट्रेलिया को रौंद डाला, कौन है वेस्टइंडीज का नया खिलाड़ी शमर जोसेफ
AUS vs WI: 'टूटा है गाबा का घमंड, भारत ने जीत लिया है मैच,' ये लाइन उस समय कॉमेंट्री बॉक्स में गूँज रही थी जब युवा भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में जाकर टेस्ट जीता था और उनकी बादशाहत खत्म कर दी थी। इस बार वेस्टइंडीज ने भी गाबा का घमंड तोड़ दिया है।
वेस्टइंडीज ने बेहद रोमांचक मैच में ऑस्ट्रेलिया को 8 रनों से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विंडीज की यह एक ऐतिहासिक जीत है। वेस्टइंडीज ने कंगारुओं को चारों खाने चित कर दिया। इसे देखकर महान क्रिकेटर ब्रायन लारा कॉमेंट्री बॉक्स में रो पड़े।

गाबा में वेस्टइंडीज को टेस्ट मैच में जीत दिलाने वाले वेस्टइंडीज के खिलाड़ी शमार जोसेफ बेहद साधारण बैकग्राउंड से आते हैं और उनकी कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। खेल के लिए जोसेफ में बड़ा जुनून था और इसके लिए वह काफी समस्याओं का सामना कर खेलते रहे।
गरीब परिवार से आने वाले शमार जोसेफ गयाना से आते हैं और वहीँ से ही उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलना शुरू किया था। वह आजीविका चलाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी किया करते थे। क्रिकेट के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और मेहनत कर वेस्टइंडीज की टीम में जगह बना ली और अब इतिहास में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट में जीत के हीरो जोसेफ ही रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 311 रनों का स्कोर खड़ा किया। जोशुआ डी सिल्वा ने 79 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में स्टार्क ने 4 विकेट झटके। इसके बाद खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 9 विकेट पर 289 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने 193 रन बनाए। इस दौरान शमार जोसेफ को स्टार्क की जोरदार गेंद लगी और पाँव के अंगूठे में चोट के बाद वह अस्पताल में थे लेकिन किसे पता था कि वह वापस आकर तबाही मचाने वाले हैं। 216 का लक्ष्य हासिल करने के लिए दूसरी पारी में खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 207 पर सिमट गई और जोसेफ ने 7 विकेट लेकर इतिहास रच दिया।












Click it and Unblock the Notifications