AUS vs ENG: 148 साल में पहली बार! पर्थ टेस्ट में हुआ ऐसा चमत्कार, दुनिया हुई हैरान
AUS vs ENG Test history: साल 2025-2026 एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा है। जहां पहले ही दिन 19 विकेट गिर गए थे। लेकिन दूसरे दिन इस मुकाबले में क्रिकेट इतिहास का एक ऐसा रिकॉर्ड बना जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। इंग्लैंड की दूसरी पारी का पहला विकेट गिरते ही यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ कि किसी भी मैच की शुरुआत की तीन पारियों में पहला विकेट शून्य (0) रन पर गिरा हो।
148 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा (AUS vs ENG Test history)
इस रिकॉर्ड की शुरुआत इंग्लैंड की पहली पारी से हुई, जब मिचेल स्टार्क ने ज़ैक क्रॉली को शून्य पर आउट किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में जोफ्रा आर्चर ने जेक वेदरल्ड को पारी की दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। और फिर इंग्लैंड की दूसरी पारी में एक बार फिर स्टार्क का जादू चला और उन्होंने क्रॉली को दोबारा डक पर आउट कर दिया।

स्टार्क ने पकड़ा बेहतरीन कैच
ज़ैक क्रॉली को दूसरी पारी में आउट करने का स्टार्क का तरीका बेहद शानदार था। पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर क्रॉली गेंद की उछाल को ठीक से भांप नहीं पाए और सीधा ड्राइव मारा। स्टार्क ने अविश्वसनीय प्रतिक्रिया दिखाते हुए अपने एक हाथ से हैरतअंगेज कैच पूरा किया। इस शानदार कैच के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें स्टार्क के इस लाजवाब कैच को 'अविश्वसनीय' बताया गया।
गेंदबाजों के नाम रहा यह मुकाबला
पहले दिन स्टार्क की शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड अपनी पहली पारी में केवल 172 रन पर सिमट गई थी, स्टार्क ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट लिए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम भी लड़खड़ा गई और बेन स्टोक्स की घातक गेंदबाज़ी (5 विकेट) के सामने पहले ही दिन 121 रन पर ढेर हो गई। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पारी नाथन लियोन के विकेट के साथ 132 रन पर समाप्त हुई, जिससे इंग्लैंड को 40 रनों की छोटी लेकिन अहम बढ़त मिली।
इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत भी निराशाजनक रही, जब क्रॉली फिर से स्टार्क का शिकार बने। हालांकि, क्रॉली के आउट होने के बाद, बेन डकेट और ओली पोप ने पारी को संभाला और एक अच्छी साझेदारी की। लेकिन एक बार फिर विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और इंग्लैंड की दूसरी पारी 164 रनों पर ही सिमट गई। अब ऑस्ट्रेलिया को इस मुकाबले को जीतने के लिए 205 रन बनाने होंगे।












Click it and Unblock the Notifications