Asia Cup Rising Stars: भारत का सेमीफाइनल मैच कब और कहां होगा? किस टीम से होगी टक्कर
Asia Cup Rising Stars Semifinal: एशिया कप राइजिंग स्टार्स अब अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है। सेमीफाइनल मैचों का समय आ गया है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारत ए का प्रदर्शन ज्यादा अच्छा नहीं रहा है लेकिन इसे खराब भी नहीं कहा जा सकता है। टाइटल जीतने के दावेदारों में भारत की टीम को शामिल किया जा सकता है।
भारत की बैटिंग पूरी तरह से वैभव सूर्यवंशी की धांसू बैटिंग के ऊपर टिकी हुई है। अगर उनका बल्ला खामोश रहता है, तो स्कोर भी कम होता है। पाकिस्तान ए के खिलाफ मैच के दौरान कुछ ऐसा ही देखने को मिला था।

भारत का सेमीफाइनल कब और कहां?
इस टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में भारत ए का मुकाबला बांग्लादेश ए से होने जा रहा है, और यह मैच निश्चित रूप से एक हाई-वोल्टेज मुकाबला साबित होगा। जीतने वाली टीम फाइनल में और हारने वाली टीम अपने घर की तरफ रवाना हो जाएगी।
यह महत्वपूर्ण मैच 21 नवंबर को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से खेला जाएगा। दोनों ही टीमों के लिए यह अहम मुकाबला है, जो अंतिम पड़ाव तक जाने के लिए एक सीढ़ी है, इस वजह से कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत को मिली हार
जितेश शर्मा की कप्तानी वाली भारत ए की टीम को ग्रुप बी में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ओमान और यूएई को बेहतरीन तरीके से मात देकर भारत ने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया।
उधर बांग्लादेश ए ने ग्रुप ए में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। उनके पास हबीबुर रहमान सोहन जैसे अनुभवी युवा बल्लेबाज और रिपोन मंडल जैसे घातक गेंदबाज हैं, जो भारत के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। हालाँकि उन्हें अपने आखिरी लीग मैच में श्रीलंका ए से हार मिली थी, फिर भी वे मजबूत दावेदार बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications