Asia Cup 2025: क्या रिंकू सिंह टीम इंडिया को पानी ही पिलाते रहेंगे? एशिया कप में नहीं मिलेगा एक भी मैच?
Asia Cup 2025: एशिया कप में यूएई के खिलाफ टीम इंडिया का जो कॉम्बिनेशन देखने को मिला, उसके बारे में किसी ने सोचा नहीं होगा। तेज गेंदबाज, स्पिनर और ऑल राउंडर सहित हर जगह धमाकेदार प्लेयर को शामिल कर प्लेइंग इलेवन का चयन किया गया था। कुछ प्लेयर्स को बाहर बैठना पड़ा, जिसकी चर्चा होनी चाहिए।
भारत की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन को विकेटकीपर के रूप में मध्यक्रम में बैटिंग कराने के लिए रखा गया और शिवम दुबे को ऑल राउंडर के रूप में चुन लिया गया, इससे रिंकू सिंह को नुकसान उठाना पड़ा और वह अंतिम ग्यारह में शामिल नहीं किये जा सके।

अब पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को अगला मुकाबला खेला जाना है, इसमें कोई बदलाव होता हुआ नज़र नहीं आ रहा है। रिंकू के बगैर टीम एक बार फिर से मैदान पर उतरने वाली है। यूपी टी20 लीग में तूफानी शतक जड़ने के बावजूद रिंकू को टीम में जगह नहीं मिल रही है।
शिवम दुबे ने यूएई के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से रंग जमाते हुए 3 विकेट लेते हुए अगले मैच के लिए जगह पक्की कर ली। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल भी टीम में बने रहेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना मुश्किल ही है।
अगर पाक के खिलाफ इसी प्लेइंग इलेवन के साथ भारतीय टीम जीत दर्ज करती है, तो आने वाले मैचों में रिंकू सिंह को मौका मिलना मुश्किल है। वह एशिया कप में टीम इंडिया को पानी पिलाते रह जाएंगे। विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ जाने की योजना होगी, तो रिंकू की जगह इस एशिया कप में तो नहीं बनेगी।
शिवम दुबे को बाहर करने पर ही रिंकू की जगह बनेगी। अगर दुबे एक-दो मैचों में अपनी बैटिंग या गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ने में सफल रहते हैं, तो रिंकू नहीं खेलेंगे। किसी ऑल राउंडर को बाहर करने पर ही उनकी जगह बन सकती है। गेंदबाजों को हटाने पर कुछ नहीं होगा। वहां भी अर्शदीप सिंह जैसा धमाकेदार खिलाड़ी पहले ही बाहर है। इस कॉम्बिनेशन के साथ जाने पर तो रिंकू सिर्फ यूएई घूमकर वापस आ जाएंगे, खेलने की संभावना तो काफी कम है।












Click it and Unblock the Notifications