Asia Cup 2023 के लिए अगले 48 घंटे हैं बहुत अहम, टूर्नामेंट के भाग्य का फैसला करने PCB चीफ पहुंचे दुबई
Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 में भारत-पाकिस्तान मसले पर बातचीत करने के लिए पीसीबी चीफ नजम सेठी दुबई पहुंच चुके हैं और अगले 48 घंटे इस टूर्नामेंट के भाग्य के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं।

भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) को लेकर जो गतिरोध चल रहा है उसको लेकर अभी तक कोई हल नहीं निकला है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) प्रबंधन समिति के चीफ नजम सेठी (Najam Sethi) इस मामले पर कोई रास्ता निकालने के लिए दुबई पहुंच गए हैं जहां वे एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के साथ बातचीत करेंगे।
ऐसे में अगले 48 घंटे इस टूर्नामेंट के भाग्य के लिए बहुत ही अहम माने जा रहे हैं। यह टूर्नामेंट इस साल के अंत में पाकिस्तान में होना प्रस्तावित है लेकिन भारत ने साफ कहा है कि वह अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजेगा जिससे मामला उलझा हुआ है।
नजम सेठी ने कहा था कि वह इस बात के लिए भी तैयार हैं कि भारत के मैच किसी न्यूट्रल जगह पर करा दिया जाए लेकिन अंतिम फैसला जय शाह की अध्यक्षता वाली एसीसी को ही करना है जिसके लिए नजम सेठी दुबई पहुंचे हैं।
पाकिस्तान नहीं चाहता है कि पूरा टूर्नामेंट ही किसी न्यूट्रल जगह पर करा दिया जाए। पाक चाहता है कि टूर्नामेंट का अधिकांश हिस्सा उसके ही घर पर हो और प्रतियोगिता हाइब्रिड मॉडल के आधार पर हो। लेकिन बीसीसीआई के द्वारा इस मॉडल को स्वीकार करने के चांस भी कम ही है।
पेचीदगी यह भी है कि इस साल के अंत में वनडे वर्ल्ड कप भारत में होना है और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इसी शर्त पर अपनी टीम यहां भेजने के लिए तैयार है जब टीम इंडिया एशिया कप के लिए पाकिस्तान में आती है। नजम सेठी कह चुके हैं कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान में नहीं आती है तो इस बात के चांस है कि पाकिस्तान सरकार भी वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिए अपनी टीम को भारत नहीं भेजेगी। इस केस में क्रिकेट की ही फजीहत होनी है।












Click it and Unblock the Notifications