Asia Cup 2023: भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सितंबर को होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला, ये स्टेडियम बनेगा गवाह
Asia cup 2023: पाकिस्तान की मेजबानी में होने जा रहा एशिया कप 31 अगस्त से 17 सितंबर तक खेला जाएगा। इस दौरान 4 मैच पाकिस्तान में जबकि अन्य सभी 9 मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। इस बीच खबर मिली है कि टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।
दरअसल, स्पोर्ट्सकीड़ा की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट टीम अपने एशिया कप 2023 अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम (Pallekele Stadium) में पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम इंडिया 7 सितंबर को उसी स्थान पर नेपाल से भिड़ेगी, जिसके बाद वे 10 सितंबर को सुपर फोर मैच में फिर से अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेंगे।

कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम अपने सभी मैच पल्लेकेले में खेलेगी। हालांकि एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम जारी नहीं किया है, लेकिन फाइनल भी उसी मैदान पर आयोजित किया जाना तय है।
दरअसल, एशिया कप के वेन्यू को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ जहां पाकिस्तान के खेल मंत्री एहसान मजारी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि भारत उनके देश की यात्रा करे, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के नए अध्यक्ष जका अशरफ ने हाइब्रिड मॉडल को हरी झंडी दे दी है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मेजबान पाकिस्तान और नेपाल के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान भी अगले दिनों में अपने सभी लीग मैच लाहौर में खेलेंगे। दूसरे ग्रुप में अंतिम स्थान पर रहने वाली टीम को छोड़कर सभी टीमें श्रीलंका के लिए आगे बढ़ेंगी।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत आएगी या नहीं इसको लेकर अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। हाल ही में पीसीबी (PCB) के पूर्व चेयरमैन खालिद महमूद ने पाक के खेल मंत्री एहसान माजरी के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर टीम इंडिया एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो उनकी टीम भी वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत नहीं जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications