पहले जलाया फिर नमक छिड़क दिया, बांग्लादेश को हराते ही नागिन डांस करने लगे श्रीलंकाई खिलाड़ी
दुबई, 2 सितंबर: बांग्लादेश की टीम एशिया कप में मिला-जुला प्रदर्शन करने के बाद बाहर हो गई। यह टीम शुरू से ऐसी रही है कि इसके खिलाड़ियों में बहुत आक्रामकता देखने को मिलती है। यह अटैकिंग मोड ऑस्ट्रेलिया जैसा नहीं है जो दिमागी तौर पर आक्रामक होते हैं बल्कि यह हाव-भाव का अधिक है। यह खिलाड़ी अहम जीतों पर चीखते-चिल्लाते, अजीब डांस करते देखे जाते रहे हैं। (Cover Photo- ICC Twitter)

बांग्लादेश के खिलाड़ियों को उनके ही अंदाज में ट्रोल किया
भारत की गलियों में लड़का पार्टी द्वारा यूं ही आवारगी की मौज-मस्ती, ब्याह-शादी आदि में किया जाने वाला नागिन डांस मानों इन बांग्लादेशी क्रिकेटरों का नेशनल डांस बन गया था।
जब भी ये बड़ी जीत दर्ज करते तो इनके खिलाड़ियों द्वारा नागिन डांस करने की वीडियो सामने आती रहती। अब एशिया कप में टाइगर्स को दर्दनाक हार देकर श्रीलंका के चामिका करुणारत्ने ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों को उनके ही अंदाज में ट्रोल किया है।

सुपर फोर में अपना स्थान पक्का कर लिया
चमिका करुणारत्ने ने बांग्लादेश को ट्रोल करने के लिए नागिन डांस पेश किया क्योंकि श्रीलंका ने उन्हें दो विकेट से हराकर सुपर फोर में अपना स्थान पक्का कर लिया।
इससे पहले दुबई में प्रशंसकों को क्रिकेट का एक अविश्वसनीय मैच देखने को मिला क्योंकि दोनों टीमों ने इस जीत के लिए आखिर तक जान लगा दी।

परेशानी में पड़ गया था श्रीलंका
टॉस जीतकर दसुन शनाका ने बांग्लादेश को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। मेहदी हसन ने 26 गेंदों पर 38 रन बनाए और उन्हें दूसरे छोर पर कप्तान शाकिब अल हसन का अच्छा समर्थन मिला।
अफिफ हुसैन और महमूदुल्लाह ने पारी को आगे बढ़ाया और अंत मोसादेक हुसैन के बहुमूल्य 9 गेंदों पर 24 रनों के योगदान का मतलब था कि बांग्लादेश अपने निर्धारित 20 ओवरों में 183 रन तक पहुंच गया।
जवाब में, श्रीलंका ने खुद को परेशानी में पाया। टॉप ऑर्डर पर केवल कुसल मेंडिस टिके थे। बीच में शनाका और मेंडिस के बीच अहम साझेदारी हुई।

चार गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली
हालांकि, मेंडिस अंत तक टिक नहीं सके क्योंकि उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने आउट किया। 37 गेंदों पर तूफानी 60 रन बनाने वाले मेंडिस के जाने के बाद शनाका ने गति को बनाए रखा।
कप्तान ने 33 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली लेकिन फिर चामिका करुणारत्ने और आसिथ फर्नांडो के साथ लंका ने दो विकेट और चार गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।
पहले जलाया फिर नमक छिड़क दिया
इसके बाद हमकों कैमरे में एक विशेष क्षण को देखने में मिला क्योंकि करुणारत्ने ने मैच के बाद बांग्लादेश टीम को ट्रोल करने के लिए नागिन डांस स्टेप करके दिखाया। करुणारत्ने 10 गेंदों पर 16 रन बनाकर रन आउट हुए थे और जब उनके साथी मुकाबले को जीता रहे थे तब वे डग ऑउट में बैठे थे।
जो डांस स्टेप काफी समय से बांग्लादेशी टीम का पर्याय रहा है उसको करुणारत्ने द्वारा बांग्लादेश के ही खिलाफ इस्तेमाल करते देखना हास्यप्रद था।
जीत के साथ, श्रीलंका सुपर फोर चरण में भारत और अफगानिस्तान में शामिल हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications