मोबाइल फोन में खोई हुई थी पूरी टीम, बस के एक कोने में बैठकर 'कुरान' पढ़ता नजर आया ये खिलाड़ी
पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) इस समय चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बने हुए हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर रिजवान का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा, जिसे देखने के बाद हर कोई उनका फैन बन गया है।
नई दिल्ली, 25 अगस्त: पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) इस समय चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बने हुए हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर रिजवान का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा, जिसे देखने के बाद हर कोई उनका फैन बन गया है। एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम दुबई पहुंच चुकी है। टीम के दुबई पहुंचने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर कुछ तस्वीरें और एक वीडियो शेयर किया।

कुरान पढ़ते नजर आए रिजवान
पीसीबी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में जहां पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी मौज मस्ती करते या मोबाइल फोन चलाते नजर आए, तो वहीं मोहम्मद रिजवान बस के एक कोने वाली सीट पर बैठकर आराम से कुरान पढ़ रहे थे। पाकिस्तान विकेटकीपर बल्लेबाज का ये अंदाज दुनियाभर के फैंस को खासा पसंद आ रहा है।
पाक टीम एम्सटर्डम से सीधे दुबई पहुंची। इसी दौरान रिजवान को बस में बैठकर कुरान पढ़ते देखा गया।
Masha Allah, i noted all the players are watching on their mobile phones, but Rizwan Bhai is reading Quran Pak, Masha Allah❤🤲 pic.twitter.com/FuQVLa8KHC
— 🇵🇰 Muhammad Noor 🇵🇰 (@Noor_Marriii) August 23, 2022

भारतीय डॉक्टर को जर्सी की थी गिफ्ट
पिछले साल यूएई में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी मो. रिजवान ने एक भारतीय मूल के डॉक्टर को अपनी जर्सी गिफ्ट कर अपना बड़ा दिल दिखाया था। दरअसल, टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले सेमीफाइनल मैच से पहले रिजवान फेफड़ों में इन्फेक्शन के कारण ICU में भर्ती थे। जहां उनका इलाज भारतीय डॉक्टर साहीर सैनालबदी ने किया था। इसके बाद वो ठीक होकर सेमीफाइनल खेलने पहुंचे थे। अपनी रिकवरी के दौरान उन्होंने डॉ. साहीर को अपनी जर्सी तोहफे में दी थी।

टी20 में बोलता है बल्ला
30 वर्षीय मोहम्मद रिजवान को टी20 स्पेशलिस्ट बल्लेबाज माना जाता है। पिछले साल टी20 इंटरनेशनल में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 29 मैचों में 73.66 की शानदार औसत से कुल 1326 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 12 अर्धशतक भी देखने को मिले थे।
ओवरऑल 56 T20I मैचों में रिजवान ने 50.36 की शानदार औसत और 129 के दमदार स्ट्राइक रेट के साथ कुल 1662 रन बनाए हैं।

भारत को रहना होगा सावधान
टी20 वर्ल्ड कप 2021 में जब पाकिस्तान ने इतिहास रचते हुए पहली बार भारत को हराया था, तब रिजवान का बल्ला भी जमकर बोला था। टीम इंडिया के खिलाफ 152 रन का पीछा करते हुए उन्होंने केवल 55 गेंदों में 79 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपनी पारी में मोहम्मद ने 6 चौके और 3 लंबे-लंबे छक्के लगाए थे। एशिया कप में भी पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मोहम्मज रिजवान ऐसे ही धमाकेदार प्रदर्शन की आस रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications