IND vs PAK: भारत ही नहीं पाकिस्तान में भी हैं कोहली के जबरा फैन, तस्वीर देखकर आपको नहीं होगा यकीन
एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है।
नई दिल्ली, 28 अगस्त: एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 147 रन बनाए। भारतीय टीम को जीत के लिए 148 रनों की दरकार है। इस बीच मैच के दौरान मैदान पर पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का एक जबरा फैन नजर आया। इस फैन ने पाकिस्तानी जर्सी पर विराट कोहली और उनका जर्सी नंबर 18 लिख रखा था। यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

रिजवान ने खेली सबसे बड़ी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। 15 के स्कोर पर पाकिस्तान को पहला झटका लगा। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान बाबर आजम 9 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद छठे ओवर की आखिरी गेंद पर फखर जमान का विकेट गिरा। उन्होंने 6 गेंदों पर 10 रन बनाए। 13वें ओवर की पहली गेंद पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। इफ्तिखार अहमद 22 गेंदों पर 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोहम्मद रिजवान ने 43, खुशदिल शाह ने 02 रन, मोहम्मद नवाज ने 1, शादाब खान ने 10, नसीम शाह ने 0, शाहनवाज दहानी ने 16 और आसिफ अली ने 9 रन बनाए। हारिस रऊफ 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

भुवनेश्वर ने झटके 4 विकेट
भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 6.50 की इकॉनमी से 26 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 6.20 की इकॉनमी से 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा अर्शदीप सिंह ने 3.5 ओवर में 33 रन देकर 2 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा, वहीं आवेश खान ने 2 ओवर में 19 रन खर्च कर 1 विकेट चटकाया। युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 32 रन दिए पर उन्हें कोई भी सफलता नहीं मिली, वहीं रविंद्र जडेजा ने 2 ओवर में 11 रन दिए लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

तेज गेंदबाजों के आगे ढेर पाक
भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान कप्तान बाबर आजम, शादाब खान, आसिफ अली और नसीम शाह को पवेलियन भेजा। आजम ने 9 गेंदों पर 10, शादाब ने 9 गेंदों पर 10, आसिफ ने 7 गेंदों पर 9 और शाह ने खाता भी नहीं खोला। वहीं हार्दिक पांड्या ने सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह को विकेट चटकाया। रिजवान ने 42 गेंदों पर 43, इफ्तिखार ने 22 गेंदों पर 28 और खुशदिल ने 7 गेंदों पर 2 रन बनाए। वहीं आवेश खान ने फखर जमान 10 रन पर आउट किया। इसके अलावा अर्शदीप सिंह ने शाहनवाज दहानी (16) और मोहम्मद नवाज (1) को पवेलियन भेजा।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, अवेश खान, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
- पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, हारिस रऊफ, शाहनवाज दहानी।












Click it and Unblock the Notifications