IND vs PAK: सिनेमा घर में इस तरह उठा सकेंगे भारत-पाकिस्तान मैच का मजा, टिकट बुक करना है बेहद आसान
एशिया कप 2022 में सभी की निगाहें रविवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान मैच पर टिकी हुई हैं। 28 अगस्त को होने वाले इस मुकाबले का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे थे।
नई दिल्ली, 27 अगस्त। एशिया कप 2022 में सभी की निगाहें रविवार को होने वाले भारत और पाकिस्तान मैच पर टिकी हुई हैं। 28 अगस्त को होने वाले इस मुकाबले का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे थे। कई क्रिकेट फैंस इस मुकाबले को लाइव स्टेडियम में जाकर देखना चाहते थे, लेकिन टिकट की मारामारी के कारण वह इस मुकाबले को अब टीवी पर ही देखकर मजा उठाएंगे। हालांकि, इस मैच को लेकर क्रिकेट फैंस के लिए एक अच्छी खबर भी है।

थिएटर में ले सकेंगे लाइव मैच का मजा
एशियाई क्रिकेट परिषद ने शनिवार को घोषणा की कि एशिया कप 2022 के मैचों का एक सेट लाइव सिनेपोलिस थिएटर में स्ट्रीम किया जाएगा। भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मूवी थियेटर सर्किट सिनेपोलिस ने एशियाई क्रिकेट परिषद के साथ एशिया कप के मुकाबलों के लिए साझेदारी की है। रविवार, 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को थिएटर लाइव दिखाया जाएगा।

यहां से कर सकते हैं टिकट बुक
भारत-पाकिस्तान मैच के अलावा जिन दूसरे मैचों की लाइव स्क्रीनिंग की जाएगी उनमें हांगकांग के खिलाफ भारत का दूसरा ग्रुप एनकाउंटर, ग्रुप ए और बी दोनों की टीमों सहित तीन सुपर 4 गेम और रविवार, 11 सितंबर को होने वाला फाइनल शामिल है। फैंस बॉक्स ऑफिस, www.cinepolisindia.com, Paytm और BookMyShow पर जाकर टिकट को आसानी से खरीद सकते हैं।

जय शाह ने कही यह बात
इस मामले पर एशिया क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि सही माहौल फैंस और उत्साहित लोगों के लिए क्रिकेट देखने के मजा को दोगुना कर देता है। हम सिनेपोलिस जैसी एक प्रमुख मूवी थियेटर के साथ साझेदारी करके खुश हैं जो कई स्थानों पर इस मुकाबले को लाइव दिखाने का काम करेगी। हमें उम्मीद है कि फैंस को एक बेहतरीन अनुभव प्राप्त होगा।

सिनेपोलिस इंडिया इस साझेदारी से है खुश
वहीं सिनेपोलिस इंडिया के सीईओ देवांग संपत ने कहा कि हम हर क्रिकेट फैंस को मैच में नहीं ले जा सकते हैं, लेकिन हम फैंस के लिए बड़े पर्दे पर मैच ला सकते हैं और उन्हें स्टेडियम जैसा अनुभव दे सकते हैं। हर चौके, छक्के और विकेट का जश्न बड़े पर्दे पर देखने का मजा ही कुछ और है। बता दें कि सिनेपोलिस की कुल स्क्रीन-काउंट अब पूरे भारत में 94 मल्टीप्लेक्स के साथ 416 स्क्रीन पर है। सिनेपोलिस इंडिया ने सभी मेट्रो शहरों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications