Ashes Ball Controversy: एशेज में बॉल बदलने पर मचा बवाल, रिकी पोंटिंग ने की जांच की मांग, लगाए गंभीर आरोप
Ashes 2023: एशेज सीरीज के दौरान रोमांचक मुकाबलों के साथ विवाद भी खूब देखने को मिला। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। इस दौरान कुछ विवाद काफी सुर्खियों में रहे। पहले जॉनी बेयरस्टो का आउट होना चर्चा का विषय बना रहा। इस बीच अब आखिरी टेस्ट मैच के अंतिम दिन इंग्लैंड द्वारा गेंद बदलने को लेकर विवाद छिड़ गया है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि वे बेन स्टोक्स की टीम द्वारा इस्तेमाल की गई रिप्लेसमेंट गेंद से खुश नहीं थे। मैच के समापन के बाद पोंटिंग ने अपनी निराशा व्यक्त की।

पोंटिंग ने स्काई स्पोर्ट्स के साथ बातचीत के दौरान कहा कि, 'मेरी सबसे बड़ी चिंता उस गेंद की स्थिति में बड़ी असमानता है जिसे बदलने के लिए चुना गया था। दुनिया में ऐसा कोई तरीका नहीं है जिससे आप उन दो गेंदों की तुलना कर सकें, और किसी भी तरह से कह सकें कि वह एक जैसी हैं।
पोंटिंग ने आगे कहा कि, 'यदि आप गेंद को बदलने के लिए जा रहे हैं, तब आप यह सुनिश्चित करना चाहेंगे कि आप सही गेंद का चयन करें। ताकि दोनों गेंदों में ज्यादा अंतर न हो। अब यदि आप उस बॉक्स में देखें, तो वहां कुछ पुरानी गेंदें थीं जिन्हें उठाया गया था, अंपायरों ने उन्हें देखा और वापस रख दिया।'
दरअसल, जिस तरह से रिप्लेसमेंट गेंद स्विंग हुई उसके बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और पोंटिंग काफी नाराज नजर आए। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान को लगता है कि जो गेंद बदली गई थी, वह नई गेंद जितनी ज्यादा नहीं घूमती थी। पोंटिंग ने मामले की जांच कराने की भी बात कही है।
उन्होंने कहा कि, 'आज सुबह गेंदबाजी के लिए परिस्थितियां बेहतर थीं। लेकिन मैंने कल जो गेंद देखी, वह गेंद कहीं भी इतना अधिक प्रभाव नहीं डाल सकती थी।' जैसा कि नई गेंद ने किया। कल दोपहर की तुलना में आज सुबह मूवमेंट दोगुनी हो गई। मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ी गलती है जिसकी जांच की जानी चाहिए।
पोंटिंग ने कहा कि, 'यह इस खेल में एक बहुत बड़ा पल है, संभावित रूप से टेस्ट मैच में एक बहुत बड़ा पल है, और मुझे लगता है कि इसकी वास्तव में जांच की जानी चाहिए। क्या बॉक्स में गेंदों की सही स्थिति थी, या अंपायरों ने सिर्फ एक को चुना है वहां से उन्हें लगता है कि इसका इस्तेमाल करना ठीक रहेगा।'
ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद उस्मान ख्वाजा ने भी गेंद के रिप्लेसमेंट को लेकर सवाल उठाए। ख्वाजा ने अंपायर कुमार धर्मसेना को भी इसकी जानकारी दी लेकिन बातचीत से कोई मदद नहीं मिली।
ख्वाजा ने कहा कि, 'हमने वास्तव में अच्छी शुरुआत की। बड़ी बात वह गेंद थी। पहले ओवर में उन्होंने उस गेंद को बदल दिया। मुझे तुरंत पता चल गया कि यह गेंद बहुत अलग थी। मैं सीधे कुमार के पास गया और कहा यह गेंद पुरानी है जो आपने उन्हें दी है क्योंकि ऐसा लगता है कि यह लगभग आठ ओवर पुरानी है।'
ख्वाजा ने कहा कि, 'मैंने इस एशेज सीरीज की प्रत्येक पारी में ओपनिंग की है और मुझे ऐसा महसूस नहीं हुआ कि गेंद मेरे बल्ले पर इतनी जोर से लगी है, जितना उस समय मेरे बल्ले पर लगी थी। इसलिए मैंने आज (पांचवें दिन) आने वाले लड़कों से भी कहा कि सावधान रहें, यह नई गेंद, जोकि मुश्किल पैदा करने वाली है।'












Click it and Unblock the Notifications