IPL से जाते ही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी का बड़ा फैसला, इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
इंटरनेशनल क्रिकेट में अब रिटायरमेंट का दौर शुरू हो गया है। ग्लेन मैक्सवेल ने आज ही अपने संन्यास की घोषणा की थी, अब एक और प्लेयर ने अपने संन्यास की खबर से हैरान करने वाला काम किया है। यह खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया का नहीं, बल्कि दक्षिण अफ्रीका से है।
दक्षिण अफ्रीका से आने वाले धांसू खिलाड़ी हेनरिक क्लासेन ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। अब वह सफेद गेंद क्रिकेट में अपनी टीम के लिए खेलते हुए नज़र नहीं आने वाले हैं। अचानक रिटायरमेंट की घोषणा कर उन्होंने हैरान करने वाला काम किया है।

अपने रिटायर्मेंट को लेकर उन्होंने कहा कि आज मेरे लिए उदासी वाला दिन है क्योंकि मैं यह घोषणा कर रहा हूँ कि मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर होने का फैसला किया है। यह निर्णय लेने में मुझे काफी समय लगा कि मेरे और मेरे परिवार के भविष्य के लिए क्या सबसे बेहतर होगा। यह वास्तव में एक बहुत ही कठिन फैसला था, लेकिन अब मैं इस फैसले के साथ पूरी तरह से शांति में हूँ।
गौरतलब है कि साल 2018 में क्लासेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने एकदिवसीय और टी20 प्रारूप के साथ शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भी कदम रखा था। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में क्लासेन ने चार मैच खेले और रिटायर भी हो गए थे।
क्लासेन ने 60 वनडे की 56 पारियों में 2141 रन बनाए, इस दौरान उनका औसत 43.69 का रहा और स्ट्राइक रेट 117.05 का रहा, उन्होंने 4 शतक और 11 अर्धशतक लगाए। जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 174 रहा जो उन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 58 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 23.25 की औसत और 141.84 के स्ट्राइक रेट से 1000 रन बनाए। इस प्रारूप में उन्होंने 5 अर्धशतक लगाए, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 81 रन रहा जो 2022 में भारत के खिलाफ बनाया था। टेस्ट में 4 मैचों के दौरान वह 104 रन बना पाए।












Click it and Unblock the Notifications