Andre Russell: IPL से संन्यास, लेकिन KKR से नहीं टूटा नाता, 'बाहुबली' रसेल की रईसी देख उड़ जाएंगे होश!
Andre Russell IPL Retirement: क्रिकेट के मैदान पर अपने लंबे छक्कों से गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल (Andre Russell) ने आईपीएल को अलविदा कह दिया है। 'मसल रसेल' के नाम से मशहूर इस खिलाड़ी ने भले ही आईपीएल में खेलने से संन्यास ले लिया हो, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ उनका 'लव अफेयर' खत्म नहीं हुआ है।
आईपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले केकेआर ने रसेल को रिटेन नहीं किया था, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि शायद वो किसी और टीम में दिखेंगे, लेकिन रसेल ने IPL से संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया।

अब अनुभव से टीम को जिताएंगे रसेल
हालांकि, केकेआर फैंस के लिए एक खुशखबरी भी है। रसेल अब बल्ले से नहीं, बल्कि अपने अनुभव से टीम को जिताएंगे। वे आगामी सीजन के लिए केकेआर के 'पावर कोच' (Power Coach) के रूप में टीम से जुड़ गए हैं।
रिटायरमेंट की भावुक खबर के बीच, रसेल की आलीशान जिंदगी और उनकी नेटवर्थ के आंकड़े किसी को भी हैरान कर सकते हैं। आइए जानते हैं, मैदान के बाहर 'किंग' की तरह जीने वाले रसेल असल जिंदगी में कितने अमीर हैं।
नेटवर्थ का 'सिक्सर': 142 करोड़ के मालिक हैं रसेल
मैदान पर रसेल की स्ट्राइक रेट जितनी हाई रहती है, उतनी ही तेजी से उनकी कमाई का ग्राफ भी ऊपर गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 तक आंद्रे रसेल की कुल संपत्ति (Net Worth) लगभग 16 मिलियन डॉलर (करीब 142 करोड़ रुपये) है।
कहां से आता है इतना पैसा?
रसेल की कमाई के मुख्य सोर्स सिर्फ क्रिकेट मैच नहीं हैं। बल्कि केकेआर ने पिछले सीजन उन्हें 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वे सीपीएल (CPL), बीपीएल (BPL), पीएसएल (PSL) और ग्लोबल टी20 कनाडा जैसी लीग्स के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। रसेल फिटनेस ब्रांड्स, स्पोर्ट्स गियर और ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों के चहेते चेहरे हैं।
गैराज में खड़ी हैं 'रफ़्तार की सौदागर' गाड़ियां
रसेल सिर्फ मैदान पर ही तेज नहीं हैं, उन्हें रफ़्तार का शौक सड़कों पर भी है। उनका कार कलेक्शन किसी हॉलीवुड स्टार से कम नहीं है। रसेल अक्सर खुद को ही महंगी गाड़ियां गिफ्ट करते हैं।
रसेल का लग्जरी कार कलेक्शन:
- 1. Mercedes-Benz AMG GT R: यह कार रसेल के दिल के बेहद करीब है। रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने आईपीएल के बाद खुद को यह तोहफा दिया था। इसकी कीमत करीब 2.71 करोड़ रुपये है।
- 2. Nissan GTR: जापानी तकनीक का यह बेजोड़ नमूना, जिसकी कीमत लगभग 2.12 करोड़ रुपये है।
- 3. BMW M5 & Mercedes-Benz GLE: इसके अलावा उनके पास 1.74 करोड़ की BMW और 1 करोड़ की मर्सिडीज एसयूवी भी मौजूद है।
जमैका में 'महल' जैसा घर
आंद्रे रसेल जमैका में एक बेहद खूबसूरत और आलीशान विला के मालिक हैं। वे यहां अपनी पत्नी जैसिम लोरा (Jassym Lora) और बेटी के साथ रहते हैं। उनके घर में पार्टी एरिया से लेकर हाई-टेक जिम तक सब कुछ मौजूद है। जैसिम लोरा, जो अक्सर आईपीएल में रसेल को चीयर करती नजर आती थीं, सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं और रसेल की ग्लैमरस लाइफस्टाइल में चार चांद लगाती हैं।
एक युग का अंत
बता दें कि रसेल ने इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। अब आईपीएल से रिटायरमेंट के बाद, एक खिलाड़ी के तौर पर उनका सफर थम गया है, लेकिन एक मेंटर और कोच के रूप में उनकी 'दूसरी पारी' का आगाज हो चुका है। केकेआर के फैंस अब अपने चहेते खिलाड़ी को डगआउट में बैठकर रणनीति बनाते हुए देखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications