भारतीय टीम को मिला नया हेड कोच, 11 हजार रन बनाने वाला खिलाड़ी देगा कोचिंग
Amol Muzumdar head coach Indian women's team: बीसीसीआई ने भारतीय महिला टीम के लिए कोच की घोषणा कर दी है। सीनियर महिला टीम के लिए अमोल मजूमदार को हेड कोच नियुक्त किया गया है। क्रिकेट सलाहकार समिति ने शॉर्टलिस्ट किये गए लोगों का इंटरव्यू किया था, उसके आधार पर नियुक्ति की गई है।
सुलक्षणा नायक, अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सलाहकार समिति ने ये इंटरव्यू किये थे। तीन सदस्यीय समिति ने सर्वसम्मति से अमोल मजूमदार के नाम पर मोहर लगा दी। इसके बाद बीसीसीआई ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान करते हुए जानकारी दी।

घरेलू क्रिकेट में अमोल मजूमदार को एक दिग्गज माना जाता है। उनका करियर 21 सालों का रहा है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 11 हजार से भी ज्यादा रन हैं। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 30 शतकीय पारियां आई हैं। उन्होंने कुल 171 मुकाबले खेले थे। लिस्ट ए क्रिकेट में मजूमदार ने कुल 100 मुकाबले खेले थे। इसके अलावा टी20 प्रारूप में 14 मुकाबले खेले। मुंबई के लिए रणजी में उन्होंने कई टाइटल जीते थे। मुंबई के लिए खेलने के बाद वह आंध्रा और असम के लिए भी खेले थे।
बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने अमोल मजूमदार की नियुक्ति का स्वागत किया है। बिन्नी ने कहा कि मजूमदार का हम स्वागत करते हैं, वह क्रिकेट में काफी अच्छा ज्ञान और अनुभव रखते हैं। महिला क्रिकेट के लिए बीसीसीआई पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और उनको जरूरी महौल देने का प्रयास जारी रखेंगे।
अमोल मजूमदार ने अपनी नियुक्ति को लेकर कहा कि मैं सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं बीसीसीआई और सीएसी का मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए धन्यवाद करता हूं। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ काम करते हुए उनका मार्गदर्शन करने के लिए मैं काफी उत्सुक हूं। अगले दो सालों में वर्ल्ड कप खेले जाने हैं और ये समय काफी अहम होने वाला है। इसके साथ कोचिंग भी काफी महत्वपूर्ण रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications