Roston Chase: 2 साल से टेस्ट टीम से बाहर, अब कप्तान बनकर लौटा ऑलराउंडर, West Indies ने किया चौंकाने वाला फैसला
रोस्टन चेज (Roston Chase) की वापसी वेस्टइंडीज टेस्ट क्रिकेट में एक नई कहानी लिखने जा रही है। दो साल से टीम से बाहर चल रहे इस 33 साल के ऑलराउंडर को अब सीधे टेस्ट टीम की कप्तानी सौंप दी गई है। यह फैसला न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए एक नया मोड़ भी लेकर आया है।
रोस्टन चेज को क्रैग ब्रैथवेट की जगह टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है, जिन्होंने मार्च 2025 में 39 मैचों की कप्तानी के बाद इस्तीफा दे दिया था। अब चेज की अगुवाई में टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगी, जो 25 जून से ब्रिजटाउन (Barbados) में शुरू होगी। मजे की बात ये है कि कप्तान के रूप में उनका पहला टेस्ट, उनके करियर का 50वां टेस्ट भी होगा।

टीम से बाहर हुए 2 साल, अब सीधे कप्तान की कुर्सी
चेज ने आखिरी बार मार्च 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट खेला था। तब से वेस्टइंडीज ने 13 टेस्ट खेले, लेकिन उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। अब वापसी भी हुई तो सबसे बड़ी जिम्मेदारी के साथ। इससे पहले वे एक वनडे और एक टी20 में कप्तानी कर चुके हैं।
डेटा, टेस्ट और इंटरव्यू के बाद बनी कप्तानी की राह
क्रिकेट वेस्टइंडीज (Cricket West Indies) ने बताया कि कप्तान चुनने के लिए एक 'डेटा-आधारित, साइकोमेट्रिक टेस्ट वाला प्रोसेस' अपनाया गया था। इस चयन प्रक्रिया में जॉन कैंपबेल (John Campbell), टेविन इमलाच (Tevin Imlach) जोशुआ डा सिल्वा (Joshua Da Silva) जस्टिन ग्रीव्स (Justin Greaves) और जोमेल वारिकन (Jomel Warrican) जैसे नाम भी शामिल थे, लेकिन अंत में बोर्ड ने सर्वसम्मति से चेज को ही चुना।
वॉरिकन होंगे उप-कप्तान, शाई होप ने किया इनकार
जोमेल वारिकन को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं वनडे और टी20 कप्तान शाई होप ने खुद को इस प्रक्रिया से अलग रखा, ताकि वे अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों पर ध्यान दे सकें।
चेस के आंकड़े अच्छे, लेकिन सुधार की जरूरत
चेज ने अब तक 49 टेस्ट में 2265 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक शामिल हैं। उनका औसत 26.33 है। गेंद से भी उन्होंने 85 विकेट लिए हैं। हालांकि शुरुआत में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। पहले 10 टेस्ट में उनका बैटिंग एवरेज 48.53 रहा, लेकिन इसके बाद ग्राफ गिरा है। बतौर कप्तान अब उनके सामने खुद की बल्लेबाजी सुधारने की भी बड़ी चुनौती होगी।
बोर्ड और कोच का चेस पर पूरा भरोसा
CWI अध्यक्ष डॉ. किशोर शैलो ने इस चयन को वेस्टइंडीज क्रिकेट की सबसे सोच-समझकर की गई प्रक्रिया बताया। कोच डैरेन सैमी ने भी कहा कि, 'चेस को उनके साथियों का सम्मान मिला है और वो टीम को आगे ले जाने के लिए जरूरी लीडरशिप क्वालिटीज दिखा चुके हैं।'












Click it and Unblock the Notifications