एलेक्स हेल्स का तूफान: लगातार दूसरा शतक बनाने से चूके हेल्स, 99 रन पर हुए आउट
डेजर्ट वाइपर्स की ओर से खेलते हुए एलेक्स हेल्स ने गल्फ जॉयंट्स के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, लेकिन वो इस लीग का दूसरा शतक लगाने से सिर्फ 1 रन दूर रह गए और वो 99 रन पर आउट हो गए।

इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज एलेक्स हेल्स का बल्ला यूएई में चल रही इंटरनेशनल लीग टी20 में आग उगल रहा है। इस लीग में पहले ही शतक ठोक चुके एलेक्स हेल्स रविवार को एक और सेंचुरी लगाने से चूक गए। दरअसल, डेजर्ट वाइपर्स की ओर से खेलते हुए एलेक्स हेल्स ने गल्फ जॉयंट्स के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, लेकिन वो इस लीग का दूसरा शतक लगाने से सिर्फ 1 रन दूर रह गए और 99 रन पर अपना विकेट गंवा दिया। एलेक्स हेल्स ने 57 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से 99 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 173.68 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। एलेक्स हेल्स का विकेट इंग्लैंड के ही गेंदबाज क्रिस जॉर्डन ने लिया।
हेल्स की पारी उनकी टीम को नहीं दिला पाई जीत
बता दें कि गल्फ जॉयंट्स ने डेजर्ट वाइपर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने आई डेजर्ट वाइपर्स ने एलेक्स हेल्स की विस्फोटक पारी की बदौलत 20 ओवर में 195 रन बनाए थे और गल्फ जॉयंट्स को 196 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे गल्फ की टीम ने 19.3 ओवर में ही 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। गल्फ जॉयंट्स की तरफ से क्रिस लिन ने 71 और शिमरॉन हेटमायर ने 70 रन की पारी खेली। आखिर में वाइस और डॉसन की जोड़ी ने अपनी टीम को जीत दिलाई।
पिछले मैच में भी लगाया था शतक
एलेक्स हेल्स की टीम भले ही मैच हार गई हो, लेकिन उनकी पारी ने मैच देखने आए दर्शकों का पैसा वसूल कर दिया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनकी बैटिंग को देखकर यही लग रहा था कि वो आज इस लीग का लगातार दूसरा शतक जड़ देंगे, लेकिन वो 99 रन पर आउट हो गए। आपको बता दें कि एलेक्स हेल्स ने पिछले मुकाबले में ILT20 लीग का पहला शतक लगाया था। उन्होंने अबुधाबी नाइटराइडर्स के खिलाफ 59 गेंदों में 110 रन की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications