लम्बे समय से टीम इंडिया से बाहर अजिंक्य रहाणे का बड़ा फैसला, अब विदेश में जाकर खेलेंगे
भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप खेलने में व्यस्त है और खिलाड़ी वेस्टइंडीज में गए हुए हैं। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में धमाका करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। भारतीय टीम ने लीग चरण से लेकर सुपर आठ तक के चरण में एक भी मैच नहीं हारा।
इस बीच एक और खबर सामने आ रही है, जो दिग्गज खिलाड़ी से जुड़ी हुई है। इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साल से बाहर चल रहे स्टार खिलाड़ी ने किसी और देश में जाकर खेलने का फैसला लिया है। टीम इंडिया में लम्बे समय से इस क्रिकेटर को जगह नहीं मिल रही है।

भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे को इंग्लैंड काउंटी में खेलते हुए देखा जाएगा। रहाणे ने वहां खेलने का फैसला लिया है। इंग्लिश काउंटी टीम लीसेस्टरशायर की तरफ से रहाणे वनडे कप के लिए साइन किये गए हैं। वह काउंटी चैम्पियनशिप के दूसरे पार्ट के लिए खेलने वाले हैं।
रहाणे ने लीसेस्टरशायर में जाने को लेकर कहा कि इस अवसर को लेकर मैं उत्साहित हूँ। क्लाउड हेंडरसन और अलफोंसो थॉमस के साथ मेरा अच्छा तालमेल है। इस समर में क्लब से खेलने के लिए मैं काफी उत्सुक हूँ। पिछले साल टीम के नतीजों से मैं प्रभावित हुआ हूँ।
उल्लेखनीय है कि रहाणे को शायद ही अब टीम इंडिया में जगह मिले। वह टेस्ट टीम से बाहर हैं और आगामी समय में भी उनके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। देखना होगा कि काउंटी क्रिकेट में रहाणे का प्रदर्शन कैसा रहेगा। चेतेश्वर पुजारा वहां काफी सफल रहे हैं, रहाणे पर नजरें रहने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications