WTC Final 2023: सचिन तेंदुलकर के क्लब में शामिल होने से एक कदम दूर रहाणे, बन जाएंगे ऐसा करने वाले 7वें खिलाड़ी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में अजिंक्य रहाणे एक कैच पकड़ते ही दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ के क्लब में शामिल हो जाएंगे। इसके साथ ही वह सौ या उससे अधिक कैच लपकने वाले 7वें खिलाड़ी बन जाएंगे।

WTC Final 2023: भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले के लिए लंदन के ओवल मैदान पर एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच ये रोचक भिड़ंत 7 जून से 11 जून तक चलेगी। इस दौरान कई पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे तो कई नए रिकॉर्ड बनेंगे। इस हाई-वोल्टेज मैच में सभी की निगाहें अजिंक्य रहाणे के प्रदर्शन पर भी रहेगी, क्योंकि रहाणे टेस्ट मैचों में सिर्फ एक कैच लपकते ही अपना शतक पूरा कर लेंगे।
फाइनल में एक कैच लेते ही बन जाएगा नया रिकॉर्ड
अजिंक्य रहाणे अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में मात्र एक कैच लपक लेते हैं तो दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ के क्लब में शामिल हो जाएंगे। इसके साथ ही वह सौ या उससे अधिक कैच लपकने वाले सातवें भारतीय बन जाएंगे। टेस्ट में कैच लेने वाले खिलाड़ियों में राहुल द्रविड़ का नाम सबसे टॉप पर आता है। वे एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने सबसे अधिक 209 कैच पकड़े हैं।
अजिंक्य रहाणे के नाम हो जाएंगे 100 कैच
द्रविड़ के बाद इस लिस्ट में वीवीएस लक्ष्मण (135) सचिन तेंदुलकर (115), विराट कोहली (109), सुनिल गावस्कर (108) और मोहम्मद अजहरुद्दीन (105) का नाम आता है। रहाणे के नाम टेस्ट क्रिकेट में अब तक 99 कैच दर्ज हैं। फाइनल में एक कैच पकड़ते ही टेस्ट क्रिकेट में उनके 100 कैच पूरे हो जाएंगे, और ऐसा करने वाले वे 7वें खिलाड़ी बन जाएंगे।
शानदार प्रदर्शन के बाद बसीसीआई ने जताया भरोसा
रहाणे को टेस्ट टीम में ऐसे ही जगह नहीं मिली है। उन्होंने पहले रणजी ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन किया और फिर आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जो बल्लेबाजी की उसने सभी को हैरान कर दिया है। इन दोनों प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टेस्ट टीम में जगह बनाई है। टीम इंडिया के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद आईपीएल में बीसीसीआई ने उन पर भरोसा जताया है।
दरअसल, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच से पहले दोनों टीमें इस साल की शुरुआत में भारत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) में मिली थीं, जहां मेजबान टीम ने कंगारुओं को 2-1 के अंतर से हराया था। पहले दो मैचों में हार झेलने के बाद मेहमान टीम ने शानदार वापसी करते हुए इंदौर में तीसरे टेस्ट में जीत हासिल की। अहमदाबाद में चौथा और अंतिम गेम ड्रा में समाप्त हुआ।
वहीं भारत अपने लगातार दूसरे डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंच गया है क्योंकि उसने 2021 में इंग्लैंड के साउथेम्प्टन में आयोजित उद्घाटन फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना किया था। न्यूजीलैंड, भारत को आठ विकेट से हराकर पहली बार विश्व टेस्ट चैंपियन बना। रोहित शर्मा और उनकी टीम इस बार खिताब के साथ देश वापस लौटना चाहेगी। टीम इंडिया साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद से अपना पहला आईसीसी खिताब जीतने की उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications