PAK vs AFG: भारत की उम्मीदें ध्वस्त, नसीम शाह ने आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर पाकिस्तान को दिलाई जीत
फजलहक फारूकी ने अपने पहले ही ओवर में बाबर आजम को बिना खाता खोले ही एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।
नई दिल्ली, 7 सितंबर। नसीम शाह ने आखिरी ओवर में दो छक्का लगाकर पाकिस्तान को अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही भारत के लिए एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के दरवाजे बंद हो गए हैं। पाकिस्तान को जीत के लिए 130 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे पाकिस्तान ने आखिरी ओवर में एक विकेट रहते हासिल कर लिया। पाकिस्तान की तरफ से सबको हैरान करते हुए लगाताक दो गेंदों पर दो छक्के जड़ने का काम नसीम शाह ने किया। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम इस अहम मुकाबले में 20 ओवर में 129 रन ही बना सकी थी।

रोमांचक रहा मुकाबला
अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत के काफी करीब पहुंचाया। लेकिन अंतिम ओवर में नसीम शाह ने लगातार दो छक्के लगाकर टीम को मैच जीत दिला दी। अफगानिस्तान की टीम के लिए फजलहक फारूकी ने तीन विकेट झटके। फजलहक फारूकी के अलावा फरीद अहमद मलिक ने भी टीम के लिए 3 विकेट चटकाए।

बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए मोहम्मद रिजवान
पाकिस्तान की तरफ से 26 गेंदों में शादाब खान ने सबसे अधिक 36 रन बनाने का काम किया। शादाब के अलावा इफ्तिखार अहमद ने टीम के लिए अहम 30 रन जोड़ने का काम किया।फजलहक फारूकी ने अपने पहले ही ओवर में बाबर आजम को बिना खाता खोले ही एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। बाबर आजम के आउट होने के बाद फखर जमान भी जल्द ही रन आउट हो गए। पाकिस्तान ने 18 के स्कोर पर ही अपने दो खिलाड़ी गंवा दिए थे, ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान के लिए रन चेज करना कठिन हो जाएगा। लेकिन मोहम्मद रिजवान ने एक बार फिर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि, वह भी 26 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए।

अफगानिस्तान ने बनाए महज 129 रन
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में छह विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। हजरतुल्लाह जजई और रहमानुल्ला गुरबाज ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए 4 ओवर में 36 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद अफगानिस्तान का कोई भी बल्लेबाज मैदान पर लंबी पारी नहीं खेल सका। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद नवाज ने एक, शादाब खान ने एक, हारिस रऊफ ने दो, मोहम्मद हसनैन ने 1 और नसीम शाह ने एक विकेट झटका।

दोनों टीमों में शामिल थे ये खिलाड़ी
अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): हजरतुल्लाह जजई, रहमानुल्ला गुरबाज (डब्ल्यू), इब्राहिम जादरान, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी (सी), करीम जनत, राशिद खान, अजमतुल्लाह ओमरजई, मुजीब उर रहमान, फरीद अहमद मलिक, फजलहक फारूकी।
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): मोहम्मद रिजवान (डब्ल्यू), बाबर आजम (सी), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, हारिस रऊफ, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह।












Click it and Unblock the Notifications