भारत में आईसीयू में भर्ती अफगानिस्तानी क्रिकेटर, कंडीशन बेहद खराब, चारों तरफ दुआओं के लिए उठे हाथ
क्रिकेट के मैदान पर जब शापूर जादरान हाथ में गेंद थामकर दौड़ना शुरू करते थे, तो अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों के पसीने छूट जाते थे। लंबे बाल और जबरदस्त रफ्तार वाले इस अफगानी गेंदबाज ने अपनी टीम को पहचान दिलाने के लिए क्या कुछ नहीं किया। लेकिन आज खबर क्रिकेट की पिच से नहीं, बल्कि अस्पताल के बिस्तर से आई है और खबर अच्छी नहीं है।
शापूर जादरान इस समय भारत के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत काफी नाजुक है। मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें ICU में रखा गया है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में व्हाइट ब्लड सेल्स (WBC) का लेवल बहुत ज्यादा गिर गया है, जिससे शरीर इंफेक्शन से लड़ने में असमर्थ हो रहा है। अस्पताल से उनकी जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो रहा है, जिसने उनके चाहने वालों को गहरा सदमा पहुंचाया है।

सरहद पार से भी उठ रहे दुआओं के हाथ
शापूर की हालत सुनकर सिर्फ अफगानिस्तान ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश पाकिस्तान के खिलाड़ी भी दुखी हैं, उमर अकमल ने उनकी फोटो शेयर करते हुए लोगों से दुआ की अपील की है। शाहिद अफरीदी ने शापूर के भाई से फोन पर बात कर हौसला बढ़ाया और कहा कि शापूर एक फाइटर है और वह इस बीमारी को भी हराकर वापस आएगा। अफगानिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी राशिद खान भी लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हैं।
अफगानिस्तान क्रिकेट का वो असली हीरो
आज की पीढ़ी भले ही राशिद और मुजीब को जानती हो, लेकिन अफगानिस्तान क्रिकेट की नींव रखने वालों में शापूर का नाम सबसे ऊपर आता है। साल 2015 के वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ जब अफगानिस्तान ने अपनी पहली जीत दर्ज की थी, तब शापूर ने ही आखिरी चौका जड़कर इतिहास रचा था। उस जीत के बाद शापूर के घुटनों पर बैठकर जश्न मनाने की तस्वीर आज भी हर क्रिकेट प्रेमी के जहन में ताजा है।
ACB दे रहा है पूरा साथ
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) इस मुश्किल घड़ी में शापूर के साथ खड़ा है। बोर्ड उनके इलाज के खर्च और देखरेख में पूरी मदद कर रहा है ताकि उन्हें भारत में बेहतरीन मेडिकल ट्रीटमेंट मिल सके। पूरा क्रिकेट जगत इस समय बस एक ही दुआ कर रहा है कि शापूर जादरान जल्द से जल्द ठीक होकर उसी अंदाज में मुस्कुराते हुए नजर आएं। 38 साल के जादरान ने 44 वनडे में 43 और 36 टी20 में 37 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications