अभिषेक शर्मा ने जमाया 35 गेंदों में धुआंधार शतक, 26 की उम्र में तोड़ा विराट कोहली का तूफानी रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बल्ले से ऐसा धमाका किया कि रिकॉर्ड बुक में उनका नाम और ऊपर पहुंच गया। उन्होंने एक धाकड़ कारनामा करते हुए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे प्लेयर्स को पीछे छोड़ दिया, टीम इंडिया को उन्होंने अकेले दम पर मैच में जीत दिलाकर तहलका मचा दिया।
भारतीय ओपनर ने महज 35 गेंदों में शतक पूरा कर डाला। उनकी इस विस्फोटक पारी ने न सिर्फ मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ा, बल्कि टी20 क्रिकेट में शतकों के आंकड़े में भी बड़ा बदलाव कर दिया। कीवी टीम के खिलाफ 198 के स्कोर का पीछा करते हुए उन्होंने 38 गेंदों में 113 रन बनाए, इस दौरान 11 छक्के और 9 चौके आए।

टी20 क्रिकेट में 11 शतक, गेल से कितना पीछे
इस शतक से पहले अभिषेक शर्मा के नाम पुरुष टी20 क्रिकेट में 10 शतक थे। अब वह 11 शतकों तक पहुंच गए हैं। इस सूची में क्रिस गेल 22 शतकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि बाबर आजम के नाम 13 शतक हैं। अभिषेक अब क्विंटन डिकॉक, विराट कोहली और डेविड वॉर्नर जैसे बल्लेबाजों से आगे निकल चुके हैं, जिनके नाम 10-10 शतक दर्ज हैं। अभिषेक की खासियत यह है कि वह कम गेंदों में बड़ा स्कोर बनाने की क्षमता रखते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 गेंदों में शतक इसका ताजा उदाहरण है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित शर्मा के करीब
अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में भी अभिषेक ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस शतक से पहले उनके नाम 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक थे। अब वह 4 शतकों के साथ सूर्यकुमार यादव के बराबर आ गए हैं, ग्लेन मैक्सवेल और रोहित शर्मा अभी 5-5 शतकों के साथ आगे हैं। फिल सॉल्ट के नाम चार-चार टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं। अभिषेक अब इस सूची में टॉप पोजीशन की तरफ बढ़ रहे हैं।
भारत का पावरप्ले में वर्ल्ड रिकॉर्ड
मेंस टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया पावरप्ले के छह ओवरों में सर्वाधिक रन बनाने वाली टीम बन गए है। भारत ने 6 ओवर में 118 का स्कोर हासिल किया। अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी भी मैदान पर थे। उन्होंने 45 रनों की तूफानी पारी खेली। भारत ने 198 का लक्ष्य 14वें में 4 विकेट पर हासिल करके सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया, सीरीज में दो मैच अभी बाकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
