Abhishek Sharma Record: भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा कमाल, नए सिक्सर किंग बने अभिषेक
Abhishek Sharma Record: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए इतिहास रच दिया है। मंगलवार रात राजीव गांधी स्टेडियम में अभिषेक ने अपनी 135 रनों की नाबाद पारी के दौरान छक्कों का ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो आज तक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं कर सका था।
अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास (Abhishek Sharma Record)
अभिषेक शर्मा आईपीएल के इतिहास में दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने दो अलग-अलग मैचों में 10 या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं। वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय हैं। उनसे पहले किसी भी भारतीय ने आईपीएल के दो मैचों में 10 छक्कों का आंकड़ा नहीं छुआ था। इस लिस्ट में 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल 4 बार के साथ टॉप पर हैं। अभिषेक अब 2 बार के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं।

अभिषेक ने कर ली कोहली की बराबरी
अभिषेक ने दिल्ली के खिलाफ 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए। टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह 5वां मौका है जब अभिषेक ने एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। उन्होंने एविन लुईस और श्रेयस अय्यर (4 बार) को पीछे छोड़ दिया है। यह अभिषेक के टी20 करियर का 9वां शतक था। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दिग्गज विराट कोहली की बराबरी कर ली है।
50 से कम गेंदों में दो बार जड़ा शतक
अभिषेक शर्मा अब पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने आईपीएल में दो बार 50 से कम गेंदों में शतक पूरा किया है। दिल्ली के खिलाफ उन्होंने अपना सैकड़ा महज 47 गेंदों में पूरा किया। इससे पहले 2025 में उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रनों की पारी के दौरान भी ऐसा ही कारनामा किया था। सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा की नाबाद शतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को 243 रनों का लक्ष्य दिया।












Click it and Unblock the Notifications