Abhishek Sharma ने साल 2025 में जड़ दिए 100 से अधिक छक्के, कोई भी भारतीय जो नहीं कर सका वो कर दिखाया
Abhishek Sharma Record: युवा भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने चल रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में अपनी विस्फोटक फॉर्म को जारी रखा है। दमदार बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। सर्विसेज के खिलाफ शानदार 62 रनों की पारी के दौरान अभिषेक एक कैलेंडर वर्ष में 100 या उससे अधिक टी-20 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं।
अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास (Abhishek Sharma Record)
अभिषेक शर्मा ने अपनी 34 गेंदों की तूफानी पारी में तीन छक्के जड़े और इस ऐतिहासिक मुकाम को हासिल किया। उन्होंने इस दौरान 87 छक्के के अपने ही पिछले रिकॉर्ड (जो उन्होंने 2024 में बनाया था) को तोड़कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया। एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी-20 छक्के लगाने के मामले में अभिषेक ने टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी पीछे छोड़ दिया है।

साल 2025 में जड़ दिए 100 से अधिक छक्के
अभिषेक ने 2025 में लगाए गए 100 छक्कों में से 47 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लगाए हैं, जबकि बाकी 53 छक्के आईपीएल और घरेलू SMAT टूर्नामेंट में आए हैं। अब 9 दिसंबर से कटक में शुरू होने वाली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज़ में उनके छक्कों की संख्या में और इजाफा होने की पूरी उम्मीद है। अभिषेक ने टी-20 फॉर्मेट में भारत के लिए अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।
भारत के लिए टी-20 में अभिषेक ने खेले हैं कई मैच विनिंग पारी
अभिषेक ने जब से टी-20 में भारत के लिए डेब्यू किया है, तब से वह जबरदस्त खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। साल 2025 में उनका प्रदर्शन अविश्वसनीय रहा है। उन्होंने 17 टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 756 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 196.36 का रहा है, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाज़ी का सबूत है। अभिषेक भारतीय टीम में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में तेज़ी से स्थापित हुए हैं। पंजाब के इस बल्लेबाज ने इस साल की शुरुआत में भारत को एशिया कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, और अब उनकी निगाहें फरवरी में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी।












Click it and Unblock the Notifications