अभिषेक शर्मा और कीमो पॉल के बीच तीखी बहस? मैच के बाद हैंडशेक के दौरान गरमाया माहौल, अंपायर बीच में आए
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 मुकाबले के बाद मैदान पर उस समय तनाव देखने को मिला, जब भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा और वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीमो पॉल आपस में उलझते नजर आए। बुधवार को हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली।
मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी परंपरा के मुताबिक एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे। इसी दौरान अभिषेक और कीमो पॉल के बीच कुछ बातचीत हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदलती दिखाई दी। स्थिति को संभालने के लिए अंपायर और अन्य खिलाड़ियों को बीच में आना पड़ा। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शांत कराने की कोशिश की, ताकि मामला आगे न बढ़े।

हैंडशेक के दौरान क्यों भिड़े अभिषेक और कीमो पॉल?
मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच किस बात को लेकर बहस हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन माना जा रहा है कि पॉल के सैंडऑफ़ से अभिषेक शर्मा नाराज थे। इस घटना ने मुकाबले के बाद क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान जरूर खींचा। दोनों के बीच बातचीत के दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया था।
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धी रहा। वेस्टइंडीज ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और भारतीय टीम को जीत से दूर रखा। मैच के बाद हुई इस घटना ने मुकाबले की चर्चा को एक अलग मोड़ दे दिया।
सीरीज जीत के लिए अगला मैच अहम
चौथे टी20 में 24 रन की जीत के साथ वेस्टइंडीज ने सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया। अब पांचवां और आखिरी मुकाबला निर्णायक बन गया है। दोनों टीमों के पास सीरीज अपने नाम करने का मौका होगा।
भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला सीरीज अपने नाम करने की चुनौती भी लेकर आएगा। वहीं वेस्टइंडीज की टीम चौथे मैच के प्रदर्शन को दोहराकर सीरीज जीतने की कोशिश करेगी। अब देखना होगा कि निर्णायक मुकाबले में कौन सी टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालते हुए बाजी मारती है।


Click it and Unblock the Notifications
