Asia Cup 2023: कुलदीप यादव की गेंदबाजी के मुरीद हुए आकाश चोपड़ा, बताया- दुनिया का सबसे बेस्ट स्पिनर
Asia Cup 2023: एशिया कप में टीम इंडिया के बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी ने धमाल मचा दिया है। उन्होंने पहले पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट चटकाए और उसके बाद श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट लेकर सभी को हैरान कर दिया, जिसके दम पर भारत को फाइनल में अपनी जगह पक्की करने में मदद मिली। इस बीच पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भारतीय स्पिनर को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।

चोपड़ा ने कुलदीप यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं। कुलदीप ने चार विकेट लेकर भारत को कोलंबो में श्रीलंका को हराने और एशिया कप 2023 के फाइनल में अपनी जगह पक्की करने में अहम भूमिका निभाई।
पूर्व दिग्गज चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में कहा कि, 'मुझे लगता है कि कुलदीप इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं। यदि आप कुलदीप यादव के आंकड़े देखें तो आप कहेंगे कि वह बेहतरीन विकेट टेकर गेंदबाज हैं। हम बात कर रहे हैं 150 वनडे विकेट लेने वाले स्पिनर्स की। जोकि एक बहुत अच्छी संख्या है, ये कोई छोटा आंकड़ा नहीं है।'
पूर्व दिग्गज ने आगे कहा कि, 'उन्होंने 150 विकेट लेने के लिए केवल 85 पारियां खेली हैं। उनका स्ट्राइक रेट 30.1 का है। अगर आप अजंता मेंडिस और राशिद खान की बात करें तो वह मिस्ट्री गेंदबाज हैं, लेकिन इस खिलाड़ी में कोई मिस्ट्री नहीं है। वह सामान्य लेग-स्पिन और गुगली फेंकते हैं और आपको उसी से फंसा देते हैं।'
श्रीलंका के खिलाफ मैच जिताने वाले प्रदर्शन के बाद कुलदीप वनडे में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर बन गए। उनके चार विकेटों ने भारत को एशिया कप 2023 के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में मदद की। भारत फाइनल में पाकिस्तान या श्रीलंका से भिड़ेंगा। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच आज फाइनल के लिए मुकाबला खेला जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications