Aakash Chopra ने 'फैब 4' बल्लेबाजों की लिस्ट से Virat Kohli को किया बाहर, बताया ये बड़ा कारण
Sports News: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) की फॉर्म में हाल के दिनों में काफी गिरावट आई है, जबकि, स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियमसन ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ ने कोहली को फैब-4 की लिस्ट से बाहर कर दिया है, उन्होंने इसके पीछे का कारण भी बताया है।
दरअसल, साल 2020 के बाद कोहली को लंबे समय तक खराब प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है। लगभग तीन साल तक किसी भी फॉर्मेट में उनके बल्ले से शतक देखने को नहीं मिला। हालांकि, विराट पिछले साल एशिया कप में अपनी सफेद गेंद वाली फॉर्म को फिर से हासिल करने में कामयाब रहे, लेकिन टेस्ट में अभी भी उनका खराब प्रदर्शन जारी है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में फैब 4 के बारे में बात करते हुए कहा कि, 'विराट कोहली, जो रूट (Joe Root), स्टीव स्मिथ (Steve Smith) और केन विलियमसन (Kane Williamson) एक समय निश्चित रूप से 'फैब फोर' थे।
दरअसल, उस लिस्ट में डेविड वॉर्नर (David Warner) का नाम भी मौजूद था। हम बात कर रहे हैं टेस्ट क्रिकेट की। हम 2014 और 2019 के बीच की अवधि के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन हमारे पास अब 'फैब फोर' नहीं है, केवल 'फैब थ्री' हैं।'
उन्होंने कहा कि, 'अगर हम 2014 से 2019 के बीच विराट कोहली के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 62 मैच खेले और 22 शतकों की मदद से 58.71 की औसत से 5695 रन बनाए। कोहली को रोकना मुश्किल था। एक घरेलू सीजन था, जहां उन्होंने चार दोहरे शतक बनाए थे। वह शानदार प्रदर्शन उस समय कर रहे थे।'
उन्होंने कहा कि, 'केन और जो रूट को लेकर कोई सवाल नहीं है। स्टीव स्मिथ का औसत छह शतकों के साथ 50 का है, उनके बारे में कोई सवाल नहीं है। लेकिन डेविड वार्नर और विराट कोहली इस समय फैब 4 का हिस्सा नहीं हैं। फिलहाल कोई फैब 4 नहीं है, फैब 3 है।'
उन्होंने यह भी कहा कि टेस्ट क्रिकेट में उनकी निरंतरता को देखते हुए पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को फैब 4 में जगह मिल सकती है। चोपड़ा ने कहा कि, 'आप वहां बाबर आजम का नाम जोड़ने के बारे में सोच सकते हैं, लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में रन बनाए हैं, मुझे नहीं लगता कि वह इस समय फैब 4 का हिस्सा हैं। मैं यहां केवल टेस्ट मैचों के बारे में बात कर रहा हूं।'
पूर्व क्रिकेटर को लगता है कि कोहली फैब 4 में वापसी कर सकते हैं, लेकिन डेविड वार्नर के पास कोई मौका नहीं है। उन्होंने कहा कि, जो रूट, केन विलियमसन और स्टीव स्मिथ वहां हैं, लेकिन विराट कोहली उस सूची से बाहर हो गए हैं, और वार्नर भी। कोहली वास्तव में वापस आ सकते हैं, लेकिन मैं वार्नर के बारे में निश्चित नहीं हूं। मुझे लगता है कि उनका टेस्ट करियर खत्म होने वाला है।'












Click it and Unblock the Notifications