Aaj Ka Match Kon Jeeta 6 December: आज का मैच कौन जीता- भारत vs साउथ अफ्रीका
Aaj Ka Match Kon Jeeta: विशाखापट्टनम में भारत के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ्रीका 47.5 ओवर में 270 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम मुख्य रूप से विकेटकीपर ओपनर क्विंटन डी कॉक की शानदार शतकीय पारी पर टिकी रही। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ बड़ा स्कोर नहीं बना सका और भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटककर दबाव बनाए रखा। टीम इंडिया ने जमकर कुटाई करते हुए मैच जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रिकेलटन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, लेकिन दूसरे छोर पर क्विंटन डी कॉक ने आक्रामक और नियंत्रित बल्लेबाज़ी का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने 89 गेंदों में 106 रन की शानदार पारी खेलते हुए आठ चौके और छह छक्के जड़े। कप्तान टेंबा बावुमा ने 67 गेंदों पर 48 रन बनाकर डी कॉक के साथ अहम साझेदारी निभाई, जिसने टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। हालांकि डी कॉक के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीका की रनगति प्रभावित हुई और विकेट गिरते रहे।

ट्रेसी ब्रिट्जके ने 23 गेंदों पर 24 रन बनाए। मार्करम केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। युवा बल्लेबाज़ डेवाल्ड ब्रेविस ने कुछ आकर्षक शॉट्स खेलते हुए 29 रन का योगदान दिया, लेकिन वह अपनी शुरुआत को लंबी पारी में नहीं बदल सके। इसके बाद मार्को जानसन के 17 और केशव महाराज के नाबाद 20 रन ने टीम को 270 तक पहुंचाया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में मैच पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा।
भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने 4-4 विकेट झटके. प्रसिद्ध ने डी कॉक, ब्रिट्ज़के और बर्टमैन जैसे महत्वपूर्ण विकेट झटके। कुलदीप यादव ने अपनी चतुराई भरी स्पिन से दक्षिण अफ्रीका के मध्य और निचले क्रम को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने ब्रेविस, यानसेन, बॉश और नगिडी को आउट करते हुए चार विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह और रवींद्र जडेजा ने भी किफायती गेंदबाजी की और टीम की पकड़ मजबूत बनाए रखी। दक्षिण अफ्रीका की टीम 48वें ओवर से पहले ही 270 रन पर पवेलियन लौट गई।
जवाबी पारी में खेलते हुए भारतीय टीम के ओपनर रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने गदर काट दिया। दोनों ने तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए धमाल मचा दिया और दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को बौना साबित कर दिया। रोहित शर्मा 155 के कुल स्कोर पर आउट हुए। वह 73 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 75 रन बना आउट हो गए। जायसवाल अपनी फिफ्टी पूरी करने के बाद टिके रहे।
जायसवाल ने संयम से खेलते हुए अपना पहला शतक पूरा कर लिया, 111 गेंदों का सामना करते हुए वह इस मुकाम पर पहुंच गये। तीनों प्रारूप में भारत के लिए शतक जड़ने के मामले में वह छठे खिलाड़ी बन गए।
उधर कोहली भी कहां चुप बैठने वाले थे। उन्होंने अपना अंदाज टी20 स्टाइल में दिखाया और नाबाद फिफ्टी जमाई। कोहली ने 45 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों से नाबाद 65 रन बनाए। जायसवाल 116 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारतीय टीम ने 40वें ओवर में 1 विकेट पर 271 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज भी अपने नाम कर ली।












Click it and Unblock the Notifications