MI vs RCB: आरसीबी को आखिरी गेंद पर मिली जीत, रोमांचक मुकाबले में मुंबई को तीन विकेट से हराया
MI vs RCB Highlights: विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के पहले ही मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को तीन विकेट से हरा दिया है। नादिन डी क्लार्क ने 44 गेंदों में नाबाद 63 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। अंतिम गेंद पर दो रनों की जरूरत थी और नादिन डी क्लार्क ने चौका जड़ टीम को यादगार जीत दिला दी।
आरसीबी को मिली जीत (MI vs RCB Highlights)
इससे पहले आरसीबी के गेंदबाजों ने धारदार प्रदर्शन करते हुए गत विजेता मुंबई इंडियंस को बैकफुट पर धकेल दिया था। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो शुरुआती ओवरों में बिल्कुल सही साबित हुआ। मुंबई इंडियंस ने आरसीबी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 154 रन बनाए। जिसे आरसीबी ने 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

मुंबई इंडियंस की खराब शुरुआत
मुंबई की शुरुआत काफी धीमी रही और टीम को पहला झटका 21 रन के कुल स्कोर पर लगा। स्टार खिलाड़ी अमेलिया केर केवल 4 रन बनाकर लॉरेन बेल की गेंद पर अरुंधति रेड्डी को कैच थमा बैठीं। इसके तुरंत बाद, 35 रन के स्कोर पर टीम को दूसरा बड़ा झटका लगा जब दिग्गज ऑलराउंडर नैट शीवर-ब्रंट भी महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
कप्तानी पारी भी नहीं आई काम
सलामी बल्लेबाज जी कमालिनी ने एक छोर संभालने की कोशिश की और 28 गेंदों में 32 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें श्रेयंका पाटिल ने क्लीन बोल्ड कर मुंबई की मुश्किलों को बढ़ा दिया। प्रशंसकों को कप्तान हरमनप्रीत कौर से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह भी 17 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गईं।
कैरी और सजना ने संभाला
जब मुंबई की टीम गहरे संकट में दिख रही थी, तब निकोला कैरी और सजीवन सजना ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की बेशकीमती साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सजना ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 45 रन बनाए, जबकि निकोला कैरी ने 40 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जी कमालिनी, नैट शीवर-ब्रंट, अमेलिया केर, अमनजोत कौर, निकोला कैरी, पूनम खेमनार, शबनीम इस्माइल, संस्कृति, सजवीन सजना, साइका इशाक।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, दयालन हेमलता, ऋचा घोष, राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, प्रेमा रावत, लिन्सी स्मिथ, लॉरेन बेल।












Click it and Unblock the Notifications