IPL मेगा ऑक्शन से पहले किन खिलाड़ियों को मिलेंगे 18 करोड़, 3 भारतीयों पर बरसेंगे पैसे
आईपीएल के नए सीजन के लिए रिटेंशन पॉलिसी की घोषणा कर दी गई है। सभी टीमों को छह खिलाड़ी रखने की अनुमति है, इसमें RTM भी शामिल है। इसके अलावा इस बार पर्स में भी धन राशि ज्यादा देखने को मिलने वाली है। हालांकि टीमों के लिए खिलाड़ी चुनना आसान काम नहीं होगा। दुविधा किसे चुनने और किसे बाहर करने की होगी। इस स्थिति में कुछ बड़े नामों को भी रिलीज करना पड़ेगा।
रिटेंशन के लिए कुछ सैलरी ब्रेकेट रखे गए हैं। इनमें पहला रिटेंशन 18 करोड़ रुपये की धन राशि का होना है। इसको लेकर सबसे ज्यादा माथापच्ची होने वाली है। कुछ टीमों के पास तीन से चार खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनको टीम में रखा जाना चाहिए लेकिन सैलरी ब्रेकेट की वजह से मामला खराब हो सकता है। टीमों के लिए रिटेंशन में पहली प्राथमिकता कप्तान ही होने वाले हैं। अब यह देखना होगा कि कौन से कप्तानों को 18 करोड़ की धन राशि देते हुए रिटेन किया जाएगा। इनमें तीनों नाम भारतीय सकते हैं।

लिस्ट में पहला नाम श्रेयस अय्यर का आता है। पिछले साल केकेआर ने अय्यर की कप्तानी में ही खिताबी जीत दर्ज की थी। ऐसे में उनको बाहर करने के बारे में टीम प्रबंधन सोचेगा भी नहीं। श्रेयस अय्यर को आईपीएल में सैलरी 12.5 करोड़ रुपये मिलती है। रिटेंशन पॉलिसी को देखने को अब अमाउंट बढ़ सकता है। श्रेयस अय्यर को केकेआर टीम 18 करोड़ की भारी रकम के साथ अपने साथ ही जोड़कर रख सकती है। केकेआर से अय्यर को शायद नहीं हिलाया जाएगा क्योंकि टाइटल जीतने के बाद बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर का कद और ज्यादा बढ़ गया है।
पिछले आईपीएल में गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में लाए गए हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस रिटेन कर सकती है। पांड्या को कप्तान बने हुए महज एक ही साल हुआ है। भविष्य के बारे में सोचकर हार्दिक पांड्या को लाया गया था। ऐसे में उनको मुंबई इंडियंस रिटेन करेगी और उनका अमाउंट भी 3 करोड़ बढ़ जाएगा। हार्दिक पांड्या की सैलरी 15 करोड़ से बढ़कर 18 करोड़ हो जाएगी। अगर ऐसा होता है, तो रोहित शर्मा को किसी अन्य टीम से खेलते हुए देखा जा सकता है।
दिल्ली कैपिटल्स भी अपने कप्तान को शायद रिलीज नहीं करेगी। ऋषभ पंत इस टीम में लम्बी रेस का घोड़ा है। पंत बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलते हुए कप्तानी भी अच्छी कर रहे हैं। उनको बाहर करने का कोई कारण नजर नहीं आता है। पंत की सैलरी 16 करोड़ रुपये है। 2 करोड़ की राशि और जोड़कर पंत को रिटेन करने की नीति पर काम किया जा सकता है। पंत की बल्लेबाजी अच्छी है और अपने दम पर मैच बदलने की क्षमता उनके पास बखूबी है। इन सभी बातों को देखते हुए वह 18 करोड़ में रिटेन हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications