कौन हैं 26 साल के बांग्लादेशी गेंदबाज महमूद हसन? 6 विकेट लेकर निकाली ऑस्ट्रेलिया की हेकड़ी
AUS vs BAN: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन टेस्ट के पहले दिन बांग्लादेश के एक तेज गेंदबाज ने पूरी महफिल लूट ली। दाएं हाथ के 26 वर्षीय पेसर हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को अपनी गेंदबाजी से ऐसा परेशान किया कि पूरी टीम 53 ओवर में सिर्फ 198 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।
हसन ने अकेले छह विकेट अपने नाम किए और टेस्ट क्रिकेट में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज क्रीज पर आते रहे और आउट होकर चलते रहे। हसन की गेंदबाजी को लेकर सोशल मीडिया पर भी तहलका देखने को मिला है।

ऑस्ट्रेलिया का फैसला गलत साबित
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। शुरुआत में टीम का स्कोर बिना विकेट के 45 रन तक पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद बांग्लादेशी गेंदबाजों ने मैच का रुख ही बदल दिया। हसन महमूद ने पहले जेक वेदराल्ड को 23 रन पर आउट किया और फिर ट्रेविस हेड को भी पवेलियन भेज दिया। ऑस्ट्रेलिया 52 रन पर दो विकेट गंवा चुका था।
इसके बाद मार्नस लाबुशेन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और महज 1 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन ने 13 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर एलेक्स कैरी 19 रन तक ही पहुंच सके। कप्तान पैट कमिंस ने 9 रन और मिचेल स्टार्क ने सिर्फ 1 रन बनाया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा संघर्ष स्टीव स्मिथ ने किया। उन्होंने 109 गेंदों पर 71 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल था।
खास रिकॉर्ड लिस्ट में हसन का नाम
स्मिथ के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। हसन महमूद ने स्मिथ के अलावा ट्रेविस हेड, जेक वेदराल्ड, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और नाथन लायन को पवेलियन की राह दिखाई। उनके 6 विकेट 55 रन देकर आए। इस प्रदर्शन के साथ वह टेस्ट पारी में छह विकेट लेने वाले बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों की खास सूची में भी पहुंच गए हैं। यह बांग्लादेश के लिए किसी पेसर का तीसरा बेस्ट टेस्ट आंकड़ा है।
बांग्लादेश के गेंदबाजी आक्रमण में हसन के अलावा तस्किन अहमद और एबादत हुसैन ने भी दो-दो विकेट लिए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के सभी 10 विकेट बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों के खाते में गए। घरेलू फैंस के सामने ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग पूरी तरह से उखड़ गई।


Click it and Unblock the Notifications
