'25 हजार रन बनाना कोई मजाक नहीं है', कोहली के 28वें टेस्ट शतक के इंतजार पर बोले गौतम गंभीर
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में तीन साल से शतक नहीं लगाया है। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में आखिरी शतक 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। कोहली के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में यह सूखा खत्म करने का मौका है।
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में आखिरी शतक साल 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ ईडन गार्डन्स में लगाया था। तब से हर किसी को उनके 28वें टेस्ट शतक का इंतजार है, लेकिन यह इंतजार बहुत लंबा हो चुका है। फैंस को उम्मीद थी कि कोहली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस इंतजार को खत्म कर देंगे, लेकिन शुरुआती दो टेस्ट मैचों में ऐसा नहीं हो पाया है। कोहली ने शुरुआती दो टेस्ट की तीन पारियों में अभी तक 12, 44 और 20 रन की पारी खेली है। यहां तक कि विराट कोहली ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों के सामने संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं।

25 हजार इंटरनेशनल रन बनाना कोई मजाक नहीं- गंभीर
दिल्ली टेस्ट में तो विराट कोहली खराब अंपायरिंग का शिकार भी हुए थे और फिर बाद में उन्हें अंपायर नितिन मेनन से उलझते हुए भी देखा गया था, लेकिन कोहली के इस मुश्किल समय में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर और गौतम गंभीर समर्थन में उतर आए हैं। गौतम गंभीर और सुनील गावस्कर का मानना है कि विराट कोहली बहुत ही जल्द टेस्ट क्रिकेट में शतक के सूखे को खत्म करेंगे और वो ऐसा करने से बस कुछ ही दूर हैं। गौतम गंभीर ने विराट कोहली की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि क्रिकेट की दुनिया में विराट कोहली का नाम सफल इसलिए है, क्योंकि वो हर स्थिति में सफल रहे हैं। गंभीर ने कहा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में 25 हजार रन बनाना कोई मजाक नहीं है।

करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं- गंभीर
गौतम गंभीर ने कहा है कि विराट कोहली के करियर का सबसे अच्छा पार्ट यही रहा है कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और भारत में एक जैसा ही प्रदर्शन किया है, विराट कोहली वनडे फॉर्मेट के मास्टर खिलाड़ी हैं, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 27 शतक और 28 अर्द्धशतक बनाए हैं। उनके नाम इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, वेस्ट इंडीज में शतक हैं और आप क्या हासिल करना चाहेंगे? 25 हजार रन बनाना कोई मजाक नहीं है, करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन आपका खेल वहीं रहता है।

विराट कोहली का टेस्ट करियर
आपको बता दें कि विराट कोहली ने दिल्ली टेस्ट में अपने 25 हजार इंटरनेशनल रन पूरे किए थे। कोहली ने सबसे तेज 25 हजार इंटरनेशनल रन पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। कोहली ने 549 पारियों में ऐसा किा है तो वहीं सचिन तेंदुलकर ने 577 पारियों में 25 हजार इंटरनेशनल रन पूरे किए थे। टेस्ट क्रिकेट में कोहली के नाम 27 शतक हैं। वहीं वनडे में उनके नाम 46 शतक हैं।












Click it and Unblock the Notifications