UP News: सोनभद्र में बेकाबू बस ने यात्रियों से भरी ऑटो में मारी टक्कर, मची चीख-पुकार, महिला समेत दो की मौत
UP Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के रेणुकूट बीजपुर मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार की बेकाबू बस ने ऑटो में टक्कर मार दी जिससे एक महिला समेत दो की मौत हो गई वहीं महिला के पति समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
दुर्घटना के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है। महिला के पति की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

दरअसल, सोनभद्र जनपद के म्योरपुर में सप्ताहिक बाजार लगती है। उसी बाजार में शामिल होने के लिए संवारा गांव से सवारियों को लेकर ऑटो चालक ऑटो से म्योरपुर जा रहा था। ऑटो चालक ऑटो लेकर बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव के समीप बैरियर पर पहुंचा था इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद ऑटो पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। ऑटो पलटने के चलते उसमें सवार यात्री चीखने चिल्लाने लगे। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाले। इस दौरान सांवरा गांव की रहने वाली 40 वर्षीय लोलोमनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं इस हादसे में लोलोमनी देवी का पति रामजी और बाबूराम, परमेश्वर, रामलल्लू और लालचंद आदि लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी इसके अलावा घायलों को तत्काल म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में पहुंचने के बाद 40 वर्षीय परमेश्वर की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में मृत लोगों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस बारे में थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी द्वारा बताया गया कि दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हुई है। दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications