UP News: ऑटो की आमने-सामने टक्कर, मची चीख-पुकार, एक की मौके पर मौत, आधा दर्जन घायल
UP News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को दो ऑटो में आमने-सामने टक्कर हो गई है। टक्कर लगने के बाद दोनों ऑटो में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग जहां घायल हो गए वहीं व्यक्ति की मौत हो गई। घायलों को पीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां से दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि रॉबर्ट्सगंज से सवारी लेकर एक ऑटो चालक खलियारी की तरफ जा रहा था। ऑटो चालक सवारी लेकर भवानी गांव के समय पहुंचा था इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार की ऑटो से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीर ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची उसके बाद सभी घायलों को लेकर चतरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों द्वारा जांच के दौरान शाहगंज थाने के उसरी कला निवासी आर्य कुमार पुत्र जयराम उम्र 45 वर्ष मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा 60 वर्षीय जोखू प्रसाद, 25 वर्षीय मनीषा, 5 वर्षीय कृष्णा, 60 वर्षीय अलमा खातून, 10 वर्षीय शाहिनूर, 30 वर्षीय पूजा, 50 वर्षीय विजय बहादुर और 45 वर्षीय मंजू देवी का अस्पताल में उपचार शुरू हुआ।
इस दौरान गंभीर रूप से घायल जोखू प्रसाद और विजय बहादुर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा है जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मामूली रूप से घायल लोगों का उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस द्वारा मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications