Sonbhadra News: हिमाचल से दो ट्रकों में एक करोड़ की शराब लेकर बिहार जा रहे थे तस्कर, पुलिस ने दबोचा
हिमाचल से दो ट्रक ने एक करोड़ रुपए से अधिक की शराब लेकर बिहार जा रहे तस्करों को सोनभद्र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह शराब होली के त्यौहार पर बिहार में खपाई जाने वाली थी।

Sonbhadra पुलिस ने दो ट्रकों में अवैध शराब भरकर हिमाचल प्रदेश से बिहार लेकर जा रहे 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत एक करोड़ से अधिक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगामी होली पर्व पर यह अवैध शराब बिहार में खपाई जाने वाली थी, इसी बीच सोनभद्र पहुंचने के बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शराब को बरामद कर लिया। इस मामले में गिरफ्तार लोगों से पूछताछ करने के साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने का प्रयास पुलिस द्वारा किया जा रहा है।

शराब बंदी के बाद सक्रिय हैं शराब तस्कर
मालूम हो कि बिहार में शराबबंदी के बाद शराब तस्करी करने वाला गिरोह सक्रिय है। दूसरे प्रदेशों से तस्करों द्वारा अवैध शराब को बिहार पहुंचाया जाता है और शराब को मनमाने कीमतों पर बेचा जाता है। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि राबर्ट्सगंज थाने की पुलिस द्वारा क्षेत्र में जांच-पड़ताल किया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो ट्रकों पर अवैध शराब लोड करके शराब तस्कर उसे बिहार ले जाने वाले हैं। मुखबिर की सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस जब ट्रक के पास पहुंची तो ट्रक में सवार लोगों द्वारा ट्रक में विटामिन बी सप्लीमेंट लोड किए जाने की बात कही गई। पुलिस द्वारा जब ट्रक में लोड सामानों की जांच की गई तो पता चला कि उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है।

कोड स्कैन करने के बाद टीम रह गई हैरान
पुलिस द्वारा बताया गया कि बरामद शराब की पेटियों और बोतलों पर लगाए गए बारकोड को जब स्कैन किया गया तो शराब के स्थान पर विटामिन बी और अन्य विटामिन से संबंधित जानकारियां आ रही थी। ऐसे में पुलिस द्वारा आबकारी विभाग को भी सूचना दिया गया। सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम जब मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की तो पता चला कि अवैध शराब हिमांचल में बनाई गई थी और तस्कर उसे बिहार में ले जाने वाले थे। पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि दोनों ट्रक में से 17 से 40 पेटी शराब बरामद किया गया है जिसकी कीमत एक करोड़ बीस लाख रुपए बताई जा रही है।

तस्करों को गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी बताया गया कि पंजाब के रूपनगर जिले के अंतर्गत नगला थाना क्षेत्र के रहने वाले मेहर सिंह, हिमाचल प्रदेश के ऊना जनपद अंतर्गत अलौली थाने के सुखवंत सिंह और हिमाचल के ही रहने वाले समीर खान को गिरफ्तार किया गया है। यह भी बताया गया कि पकड़े जाने के बाद तीनों अभियुक्तों द्वारा यह स्वीकार किया गया कि फर्जी कागजात के आधार पर अवैध शराब लेकर उनके द्वारा बिहार में पहुंचाया जाता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए तीनों अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर पूरे गैंग का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि उनके मोबाइल नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम जांच पड़ताल कर रही है जल्द ही तस्करी में शामिल अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications