Sonbhadra News: जिला अस्पताल से नवजात चोरी, CCTV में दिखी संदिग्ध महिला, पुलिस कर रही तलाश
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जिला अस्पताल से एक नवजात शिशु के गायब होने की खबर ने हड़कंप मचा दिया है। सोमवार सुबह जब परिजन कुछ देर के लिए वार्ड से बाहर गए, तभी एक अज्ञात महिला मासूम को लेकर चुपचाप निकल गई। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
यह घटना चंदौली जिले की रहने वाली एक प्रसूता के साथ हुई, जो सोनभद्र मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में भर्ती थी। बच्चा सात दिन पहले ही ऑपरेशन के जरिए जन्मा था और जन्म के बाद से वार्ड में ही था। लेकिन सोमवार को अस्पताल परिसर से मासूम लापता हो गया।

परिवार के मुताबिक, वार्ड में पहले से मौजूद एक महिला खुद मरीज नहीं थी बल्कि किसी मरीज की देखभाल में थी। पिछले कुछ दिनों से वह अस्पताल में भर्ती प्रसूता से मेलजोल बढ़ा रही थी। उसी महिला पर शिशु को चुराने का संदेह जताया जा रहा है।
संदिग्ध महिला की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। वीडियो में एक महिला नवजात को लेकर वार्ड से बाहर जाती हुई दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पुलिस अब उसकी पहचान में जुटी है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी है। लोढ़ी चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही अस्पताल के स्टाफ और अन्य मरीजों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द महिला तक पहुंचा जा सके।
जान-पहचान बनाकर रची गई साजिश
दौली के नौगढ़ क्षेत्र के निवासी मासूम के पिता सुदामा ने बताया कि उनकी पत्नी पूनम ने 27 मई को बेटे को जन्म दिया था। पिछले कुछ दिनों से वार्ड में रह रही एक महिला जो किसी मरीज की रिश्तेदार थी। उसने उनकी पत्नी से दोस्ती कर ली थी।
सोमवार सुबह सुदामा की मां खाना लेने के लिए घर गई थीं जबकि सुदामा खुद अस्पताल में ही थे। उसी समय वह महिला सुदामा को जलेबी लाने का बहाना बनाकर बाहर भेजती है। सुदामा के निकलते ही मौके का फायदा उठाकर उसने नवजात को चुरा लिया।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। वार्ड में बाहरी व्यक्ति का इस तरह आना-जाना और बिना जांच के निकल जाना, अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में आए दिन मरीजों के साथ अराजक तत्व घूमते रहते हैं और सुरक्षा की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। लोगों ने अस्पताल में महिला सुरक्षा गार्ड की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी को और बेहतर करने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश तेज कर दी गई है। कई इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अस्पताल परिसर के आसपास की दुकानों व लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications