UP Sonbhadra: दूसरे गांव में हैंडपंप से पानी लेने गए वृद्ध की गिरने से मौत, लोगों ने हाईवे किया जाम
UP Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर पानी लाने गए एक वृद्ध की गिरने से मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात की है। वृद्ध की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें किसी तरह शांत कराया।
ग्रामीणों द्वारा मांग किया गया कि गांव में हैंडपंप लगवाया जाए। हैंडपंप न होने के चलते ग्रामीणों को दूसरे गांव में पानी लेने के लिए जाना पड़ता है। यदि पेयजल की सुविधा रहती तो वृद्ध की मौत नहीं हुई होती। अधिकारियों द्वारा हैंडपंप लगवाने का आश्वासन दिया गया उसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

दरअसल, सोनभद्र जनपद के घोरावल कोतवाली अंतर्गत औराही गांव व आस पास का इलाका काफी पिछड़ा है। पहाड़ी इलाका होने के चलते ग्रामीणों को पेयजल के लिए हमेशा परेशान होना पड़ता है। गांव के रहने वाले 65 वर्षीय तपेश्वर नमक वृद्धि व्यक्ति मंगलवार दे रात्रि में मोराही गांव में हैंडपंप पर पानी लाने के लिए गए थे।
बताया जा रहा है कि हैंडपंप पर पानी लेने जाने के दौरान ही वे गिर गए और गंभीर रूप से चोटिल हो गए जिससे उनकी मौत हो गई। वृद्ध की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया, वहीं गांव से काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए।
मृतक के शव को लेकर ग्रामीण घोरावल-राबर्ट्सगंज मार्ग पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिए। ग्रामीणों द्वारा जाम लगाया जाने की सूचना मिलने के बाद घोरावल थाने के एसएचओ अंजनी कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
बाद में लोगों द्वारा हाईवे जाम के जाने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी अमित कुमार और नायब तहसीलदार लाल बहादुर बिंद वहां पहुंचे और काफी देर तक ग्रामीणों को समझाए लेकिन ग्रामीण मुआवजा की मांग कर रहे थे और गांव में हैंडपंप लगवाने की बात पर भी अड़े थे।
बाद में पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हैंडपंप लगाने की बात कही गई तथा उचित मुआवजा दिलवाने का भी आश्वासन दिया गया। इसके अलावा अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि जब तक गांव में हैंडपंप नहीं लग जाता है तब तक टैंकर से पेयजल आपूर्ति कराई जाएगी। अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए उसके बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications