UP Block Pramukh Chunav: परिणाम आने के बाद सोनभद्र में पुलिस से भिड़े सपाई, सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल
सोनभद्र, 11 जुलाई: यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं। इस चुनाव में भी प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा का परचम लहराया है। हालांकि, ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हिंसा और झड़प की घटनाएं भी सामने आई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, सोनभद्र जिले के नगवां ब्लॉक में चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद जमकर बावल हुआ। यहां गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए।
Recommended Video

पुलिस-सपाई में हुई तीखी नोक-झोंक के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी लाठी भांजकर सपाइयों को खदेड़ा। इस दौरान सीओ सदर आशीष मिश्र और कई पुलिसकर्मी को चोट आई। तो वहीं, रॉबर्ट्सगंज से भाजपा के पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन सवार पूर्व चेयरमैन समेत दो लोग भी जख्मी हुए हैं। देर शाम तक बवाल चलता रहा। मौके पर पुलिस-प्रशासन के अफसरों के साथ भारी फोर्स मौजूद रही। बता दें कि इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, नगवां ब्लॉक से सपा और भाजपा प्रत्याशी के बीच कांटे का मुकाबला रहा। संवेदनशीलता को देखते हुए सुबह से ही भारी फोर्स ब्लॉक मुख्यालय पर डटी रही। तीन बजे तक गहमागहमी के बीच मदान संपन्न हुआ। इसके बाद मतगणना में भाजपा प्रत्याशी आलोक सिंह को 23 और सपा की राधिका देवी को 20 वोट मिले। परिणाम की घोषणा होते ही सपाई उग्र हो गए। पुलिस-प्रशासन पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनकी पुलिस से नोक-झोंक हुई।
आरोप है कि इसके बाद सपाइयों ने पथराव शुरू कर दिया। फोर्स ने लाठी भांजकर उन्हें खदेड़ा। बावजूद काफी देर तक पथराव होता रहा। पथराव से सीओ सदर आशीष मिश्र समेत कई पुलिसकर्मी को चोट आई। तो वहीं, रॉबर्ट्सगंज के भाजपा के पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन सवार पूर्व चेयरमैन और संजय जायसवाल को भी चोट आई। बवाल की सूचना पाकर मुख्यालय से भारी फोर्स मौके पर पहुंची। शाम सवा पांच बजे तक माहौल शांत नहीं हो पाया था।
सोनभद्र एसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद पराजिक उम्मीदवार और पार्टी के समर्थक और कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों, मजिस्ट्रेट पर पथराव किया। इनकी संख्या लगभग 250 थी। कुछ पुलिस कर्मी घायल हो गए। हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications