Sitapur News: कम मजदूरी पर गन्ने की बुआई करने गए थे बच्चे, इस दर्दनाक हादसे में तीन की मौत
Sitapur News Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर है। यहां गन्ने की बुआई कर लौट रहे ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी। इसके साथ ही छह बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ापुर निवासी विश्राम (65) शनिवार सुबह अपने खेत में गन्ने की बोआई करने के लिए गांव से बच्चों को लेकर गए थे। गन्ना बोआई कर शाम को खेत से वापस लौटते समय करीब चार बजे गांव के पूरब में बनी पुलिया के पास खारजा पार करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के साथ गन्ना बोआई वाला हल भी लगा था। जिस पर बच्चे बैठे थे। ट्रैक्टर पुलिया से नीचे गिरकर पलट गया।

इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे अंबरीश (10), छोटू (12) और अमन (8) ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ट्रैक्टर चालक विश्राम (65), नितिन (11), आशुतोष (14), अविनाश (10), प्रदीप (08) और रामपुरकलां निवासी शिवा (10) भी जख्मी हो गए। ट्रैक्टर पलटने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के सहयोग से ट्रैक्टर के नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकाला। बाहर निकालने पर अंबरीश, छोटू और अमन बेसुध हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बिसवां भेजा गया। जहां अंबरीश, छोटू और अमन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह घायलों को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया। एसएसआई मुकेश कुमार ने बताया कि दुघर्टना में तीन बच्चों की मौत हुई है। वहीं, छह घायल हुए हैं। सभी घायलों का सीएचसी बिसवां में इलाज जारी है। वहीं, विश्राम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications