UP News: सीतापुर पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई हत्याकांड, पुलिस के शक के घेरे में कई संदिग्ध, जल्द होगा खुलासा
UP News: सीतापुर जिले में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की हत्या को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पत्रकार संगठनों ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
रविवार देर रात एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें वारदात का जल्द खुलासा करने में जुटी हुई हैं।

पत्रकार संगठनों में आक्रोश
पत्रकार की हत्या से बाराबंकी जिले में भी रोष फैल गया है। शहर और कस्बों में पत्रकारों ने एकजुट होकर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। देवा रोड स्थित गांधी भवन में आयोजित सभा में पत्रकारों ने सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पत्नी को सरकारी नौकरी देने की अपील की।
इसके अलावा बदोसराय कस्बे में पत्रकारों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। वरिष्ठ पत्रकार डी. के. सिंह ने कहा कि एक पत्रकार समाज के कमजोर और बेसहारा लोगों की आवाज बनता है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण उसे अपनी जान गंवानी पड़ी।
सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग
शोकसभा में तहसील पत्रकार रामू ने कहा कि सरकार को दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देकर न्याय देना चाहिए। भ्रष्टाचार उजागर करने पर पत्रकार की हत्या होना लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
पत्रकार संतोष शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से घटना में हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने सरकार से दिवंगत पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की अपील की।
इस मामले के बाद पत्रकारों ने सरकार से मांग की कि दिवंगत पत्रकार को शहीद का दर्जा दिया जाए और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए "जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एक्ट" लागू किया जाए। इसके अलावा पत्रकार संगठनों से जुड़े लोगों ने भी सरकार से दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की।
पुलिस की जांच जारी, कई संदिग्ध हिरासत में
सीतापुर एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि जांच में तेजी लाई गई है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। स्वाट और सर्विलांस टीम समेत कई पुलिस दल मामले की तह तक जाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें अपराधियों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य इकट्ठा कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications