बिजली विभाग का कारनामा, मूंगफली बेचने वाले के घर भेजा 62 लाख का बिल
सीतापुर। यूपी के सीतापुर में बिजली विभाग का अजब गजब कारनामा सामने आया है। यहां मूंगफली का ठेला लगाने वाले गरीब को विद्युत विभाग ने 62 लाख 39 हजार रुपए बिजली का बिल भेज दिया। बिजली का बिल देखते ही राम अवतार का पूरा परिवार सदमे में चला गया। राम अवतार और उसका बेटा मूंगफली का ठेला लगाकर अपने परिवार की जीविका चलाते हैं।

सदमे में परिवार
विद्युत उपखंड लहरपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 19 महीने का 62 लाख 39 हजार 16 रुपए का बिजली बिल भेजने से मूंगफली का ठेला लगाने वाले राम अवतार का पूरा परिवार सदमे में चला गया और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है।
पिछली बार जमा किया था 287 का बिजली बिल
बता दें कि अकबरपुर गांव के रहने वाले राम अवतार ने 19 महीने से बिल नहीं जमा किया था और जब बिजली का बिल आया तब 62 लाख रुपए से अधिक बिल देखकर राम अवतार का पूरा परिवार हैरान रह गया। पीड़ित राम अवतार के बेटे का कहना है पिछली बार उनका बिजली का बिल 287 रुपए का आया था, जिसे उन्होंने जमा कर दिया था। 19 महीने का बिल 62 लाख रुपए से अधिक का देखकर पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, इस बारे में जब बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करनी चाहिए तो बिजली विभाग के अधिकारी कैमरे के सामने आने से बचते नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications