UP: बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी के भाई गरीब कोटे से बने असिस्टेंट प्रोफेसर, उठी जांच की मांग
सिद्धार्थनगर, मई 23: उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाल रहे डॉ सतीश द्विवेदी के भाई डॉ अरुण द्विवेदी की सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर हुई नियुक्ति सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कहा जा रहा है कि मंत्री के भाई की नियुक्ति ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य अभ्यर्थी) कोटे में मनोविज्ञान विभाग में हुआ है। इसको लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य अभ्यर्थी के कोटे में नियुक्ति होना लोगों के मन में कई तरह के सवाल पैदा कर रहा है। उधर, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र प्रशासन जारी करता है। शैक्षिक प्रमाण पत्र सही था। इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। सोशल मीडिया के माध्यम से मुझे जानकारी हुई कि वह मंत्री जी के भाई हैं। अगर ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र फर्जी हुआ तो वह निश्चित रूप से दंड के भागी हैं।

सिद्धार्थनगर जिले इटवा तहसील से विधायक डॉ सतीश द्विवेदी के भाई डॉ अरुण द्विवेदी शुक्रवार को ही सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में ज्वाइन कर लिए और उसके ज्वाइन करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर तरह तरह की पोस्ट वायरल होने लगी थी। इस मामले में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सुरेंद्र दुबे ने बताया कि मनोविज्ञान में लगभग डेढ़ सौ आवेदन आए थे। मेरिट के आधार पर 10 आवेदकों का चयन किया गया। इनमें अरुण कुमार पुत्र अयोध्या प्रसाद भी थे। इन्हीं 10 लोगों का इंटरव्यू हुआ तो अरुण दूसरे स्थान पर रहे। इंटरव्यू एवं एकेडमिक और अन्य अंकों को जोड़ने पर अरुण पहले स्थान पर आए। इस वजह से इनका चयन हुआ है।
कुलपति ने कहा कि ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र प्रशासन जारी करता है। शैक्षिक प्रमाण पत्र सही था। इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। सोशल मीडिया के माध्यम से मुझे जानकारी हुई कि वह मंत्री जी के भाई हैं। अगर ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र फर्जी हुआ तो वह निश्चित रूप से दंड के भागी हैं। पूर्व आईएएस अमिताभ ठाकुर और डॉ नूतन ठाकुर ने डॉ. अरुण कुमार उर्फ अरुण द्विवेदी द्वारा नियुक्ति हेतु दिए गए ईडब्ल्यूएस सर्टिफिकेट की जांच की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications