HP : नालागढ़ कोर्ट परिसर में फायरिंग, बदमाशों ने पेशी पर लाए गए कैदी पर बरसाई गोलियां
शिमला, 29 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के सोलन में यूपी के हापुड़ जैसी वारदात दोहराने की कोशिश नाकाम हो गई। नालागढ़ में कोर्ट परिसर में बदमाशों ने पेशी पर लाए गए एक कैदी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसायीं। पुलिसकर्मियों की सतर्कता से इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। नालागढ़ कोर्ट परिसर में हुई गोलीबारी से भले ही कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन ना केवल कोर्ट परिसर बल्कि पूरे नालागढ़ में सनसनी फैल गई है। बता दें, बीते दिनों यूपी के हापुड़ में बदमाशाें ने इसी तरह पेशी पर आए एक बदमाश को गोलियां से भून दिया था।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को हिमाचल पुलिस ने कंडा जेल में हत्या के आरोप में गिरफ्तार अजय उर्फ सन्नी को नालागढ़ कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इस दौरान पेशी के लिए लाए गए आरोपी पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस ने बीच बचाव करते हुए कैदी को बचा लिया। गनीमत यह रही कि इस गोलीबारी में ना तो कैदी को गोली लगी और ना ही पुलिसकर्मी और अन्य लोग हताहत हुए हैं। बताया जा रहा है कि कई राउंड गोलियां बरसाने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। अब पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चौहान ने बताया कि नालागढ़ कोर्ट परिसर में युवकों द्वारा कई राउंड गोलियां चलाई गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की चौकसी के चलते कैदी को सुरक्षित बचा लिया गया है। साथ ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस आरोपियों को ढूंढने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने सोलन जिला के सभी सीमाओं को सील कर दिया है, ताकि कोई भी बाहर न जा सके। साथ ही बैरियर पर पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बता दें, हिमाचल प्रदेश में कोर्ट परिसर में गोलीबारी का यह पहला मामला है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications