इधर घायल भांजी ने किया करतूत का खुलासा, उधर मामा ने की खुदकुशी
शामली। यूपी में जनपद शामली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है जहां पर एक मामा अपनी भांजी के साथ 2 साल से लगातार दुष्कर्म कर रहा था। जब पीड़िता ने पूरी घटना अपनी पड़ोसन को बताई तो मामा ने घर में सो रही भांजी को जान से मारने की नीयत से उस पर हमला किया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लड़की के पिता के जग जाने पर मामा वहां से भाग निकला और खुद गांव के पास जंगल में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

भांजी पर किया हमला
मामला जनपद शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र का है जहां पर रहने वाली 14 वर्षीय एक किशोरी के साथ उसके चाचा का साला 2 साल से लगातार दुष्कर्म कर रहा था जिसके बाद पीड़िता ने तंग आकर सारी बात अपनी पड़ोसन को बताई कि उसके साथ उसका मामा किस प्रकार से गलत काम कर रहा है। पड़ोसन ने लड़की को हौसला बंधाया और उसे सौ नंबर पर कॉल करने के लिए कहा। आरोपी मामा इसकी भनक मिलते ही किशोरी के घर पहुंचा और उस पर रात में कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।

जंगल में जाकर की खुदकुशी
किशोरी का शोर सुनकर उसके पिता उठ गए तो उन्होंने विरोध किया तो उसके पिता पर भी हमला कर आरोपी मामा वहां से फरार हो गया। करीब 4 घंटे बाद आरोपी मामा का शव गांव में ही पास के जंगल में पड़ा मिला। जिसके पास एक बैग भी मिला जिसमें नशे की दवाई और सल्फास की शीशी बरामद हुई। पास के जंगल में आरोपी मामा ने जाकर जहरीला पदार्थ खाकर खुद आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

पुलिस ने यह बताया
वहीं इस पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि आज लगभग प्रातः 4:00 बजे के करीब एक सूचना प्राप्त हुई कि परिवार के बच्ची को कुल्हाड़ी से घायल किया गया है इस पर तत्काल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बच्ची और उसके भाई को अस्पताल में दाखिल कराया। करीब 8:00 बजे के लगभग हमलावर की लाश जंगल में पड़ी हुई मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications