यूपी: मनचलों से तंग BCA छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई, भरी पंचायत में थप्पड़ खाने पर भी वे नहीं सुधरे
शामली। यूपी में शामली जिले के थाना थाना क्षेत्र के गांव डेरवा में एक बीसीए की छात्रा को मनचलों की वजह से पढ़ाई छोड़नी पड़ गई। मनचले उससे कॉलेज के रास्ते में आए दिन छेड़छाड़ करते थे। छात्रा ने कई बार शिकायत भी की, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस कारण उसे अपनी आगे की पढ़ाई छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

पीड़ित छात्रा के पिता अनिरुद्ध के मुताबिक, गांव के ही कुछ मनचले किस्म के युवक बेटी के कॉलेज आने-जाने के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ करते थे। जिसकी उसने कई बार शिकायत भी की लेकिन पुलिस ने एक्शन नहीं लिया। गांव में एक पंचायत भी की गई। पंचायत के दौरान फरमान सुनाया गया था कि छात्रा द्वारा मनचलों को तमाचा लगाया जाए। जिसके बाद पीड़िता ने मनचलों को थप्पड़ मार दिया था।
मगर, कुछ दिन बाद मनचले फिर अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और कॉलेज जाते वक्त छात्रा के साथ फिर से छेड़खानी की। जिसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। जिसमें पीड़िता के द्वारा आरोपों के नाम बताए गए थे, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी मनचले आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। पीड़िता का कहना है कि उन पर पुलिस से शिकायत वापस करने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है।
अब ऐसे में शामली पुलिस पर तो सवालिया निशान खड़ा ही होता है, लेकिन एक सवालिया निशान यूपी में बनाए गए एंटी रोमियो दल पर भी खड़ा होता है कि आखिर एंटी रोमियो दल क्या कर रहा है। जिस प्रकार मनचलों के डर से एक छात्रा को अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी है, इससे साफ जाहिर होता है कि मनचलों के हौसले बुलंद हैं और एंटी रोमियो स्क्वाड अपनी कुंभकरण की नींद सोया हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications