यूपी: 900 रुपए उधार मांगने पर दबंगों ने महिला को मार दी गोली
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। यहां महज 900 रुपए को लेकर दबंगों ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब परिवार के सभी लोग सो रहे थे। तभी गांव के तीन दबंग अपने साथियों के साथ घर में घुस गए और महिलाओं के साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच एक महिला बचाने आई तो दबंगों ने उसे गोली मार दी। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

दरअसल ये घटना थाना गढ़िया रंगीन के डबौरा गांव की है। यहां के रहने वाले गोविंद ट्रक चालक है। मृतका के पति गोविंद ने बताया कि उसने गांव के रहने वाले वेदराम को 9 महीने पहले 900 रुपए उधार दिए थे। फिर जब पैसे मांगना शुरू किए तो दबंग वेदराम और उसके साथी मारपीट करने लगे। कुछ दिन पहले भी वेदराम और उसके साथियों ने पैसे मांगने पर मारपीट की थी। एक दिन दबंग वेदराम ने जान से मारने की धमकी भी दी। दबंग वेदराम अपने आधा दर्जन साथियों के साथ घर मे घुस आया और परिवार के लोगों के साथ मारपीट करने लगा। तभी परिवार वालों को पिटता देख 25 वर्षीय ममता पत्नी गोविंद उसको बचाने आई तो दबगों ने ममता को गोली मार दी। गोली लगने से ममता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एसआई लोकेश कुमार का कहना है कि शुक्रवार रात महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के पीछे का विवाद पुरानी रंजिश बताई जा रही है। अभी पैसे की बात सामने नहीं आई है। तहरीर के आधार पर तीन नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- इलाहाबाद यूनिवर्सिटी संबद्ध कॉलेजों में भी अब होगी पीएचडी, 60 हजार छात्रों को मिलेगा लाभ












Click it and Unblock the Notifications