Shahjahanpur Accident: बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर बड़ा हादसा, ट्रक-कार की जोरदार भिड़ंत, 2 बच्चों समेत 5 की मौत
Shahjahanpur Accident: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के मदनापुर क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बुधवार रात हुए इस हादसे में छुट्टा जानवर को बचाने की कोशिश में एक कार तेज रफ्तार ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
कांट थाना क्षेत्र के नवादा नगला बनवारी गांव के रहने वाले रियासत अली, जो कपड़ों के व्यापारी थे, अपने परिवार और कुछ परिचितों के साथ दिल्ली शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

कार में रियासत अली (40 वर्ष), उनकी पत्नी आमना बेगम (38 वर्ष), बेटी गुड़िया (6 वर्ष), खुशी (10 वर्ष), बेटा सुबहान (7 वर्ष) के अलावा रामपुर, बाजपुर, और एटा के अन्य लोग भी सवार थे। रास्ते में अचानक एक छुट्टा जानवर कार के सामने आ गया। ड्राइवर ने जानवर को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कार बरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कौन-कौन मारे गए?
- रियासत अली (40 वर्ष)
- आमना बेगम (38 वर्ष)
- गुड़िया (6 वर्ष)
- अन्नू
- नूर (6 वर्ष)
घायलों की हालत नाजुक
घटना के बाद पुलिस और राहगीरों ने मिलकर घायलों को तुरंत मदनापुर सीएचसी भेजा। हालत गंभीर होने पर उन्हें शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत नाजुक है।
पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ा
दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।
सड़क पर छुट्टा जानवरों की समस्या
यह हादसा एक बार फिर से छुट्टा जानवरों की समस्या को उजागर करता है, जो सड़कों पर बड़े हादसों का कारण बनते हैं। स्थानीय लोगों ने इस मुद्दे पर प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- UP Public Holidays 2025 List: यूपी सरकार से जारी छुट्टियों का कैलेंडर, होली- दिवाली की छुट्टी कब? जानें












Click it and Unblock the Notifications