'अफसर मुझे प्रताड़ित करते हैं और कुकर्म का दबाव डालते हैं', यूपी के होमगार्ड की चिट्ठी वायरल
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के होमगार्ड ने अपने अधिकारी पर चौंकाने वाला आरोप लगाया है। होमगार्ड ने विभाग के डीजी को पत्र लिखा है जिसमें उसने शिकायत की है कि जिला कमांडेंट उसे प्रताड़ित करते रहते हैं। कहा कि शराब पीने के बाद अधिकारी कुकर्म का दबाव डालते हैं। पीड़ित होमगार्ड का लिखा शिकायती पत्र वायरल हो गया। घटना सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मचा है। जिस अधिकारी पर होमगार्ड ने आरोप लगाया है उन्होंने इसे निराधार बताया है। इस घटना की जांच विभाग ने डिविजनल कमांडेंट को सौंपी है।

शाहजहांपुर के चिनौर में जिला कमांडेंट कार्यालय में तैनात होमगार्ड ने डीजी कमांडेंट को पत्र लिखा जिसमें उसने कहा कि पिछले कई सालों से अधिकारी उस पर जुल्म कर रहे हैं। कहा कि जिला कमांडेंट अपने ऑफिस में जबरन मेरी ड्यूटी लगाते हैं, अश्लील बातें बोलकर गालियां देते हैं, जबरन खाना बनवाते हैं। शिकायत में होमगार्ड ने कहा कि अधिकारी उससे तेल मालिश कराते हैं और नशे में होने पर कुकर्म करने को कहते हैं। विरोध करने पर नौकरी से निकाल देने की धमकी भी देते हैं।
शिकायत में होमगार्ड ने जिला कमांडेंट पर एक हजार रुपए महीने वसूली करने के आरोप लगाए हैं। कहा कि वह कई होमगार्डों की उम्र के फर्जी दस्तावेज बनवाकर उनकी ड्यूटी लगाते हैं। इन सभी आरोपों की गुप्त जांच की मांग होमगार्ड ने की। उसकी यह चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस मामले में घिरे जिला कमांडेंट का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। कहा कि होमगार्ड कई दिनों तक बिना सूचना दिए गायब रहा। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर उसको चेतावनी दी गई थी जिसके बाद वह गुस्सा हो गया। इस मामले की जांच डिविजनल कमांडेंट कर रहे हैं और जांच के बाद सच का पता चल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications