शाहजहांपुर: अब शराब माफियाओं में योगी का खौफ, हाथों में पोस्टर लेकर थाने में किया सरेंडर
शाहजहांपुर, 23 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में अपराधियों में योगी सरकार का किस कदर खौफ है, इसकी बानगी शनिवार को शाहजहांपुर जिले में देखने को मिली। यहां अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने में शामिल पांच शराब माफिया सरगनाओं ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इतना ही नहीं शराब माफियाओं ने थाने में हाथों में पोस्टर लेकर इस बात भी कसम खाई कि वो अब कभी नहीं शराब नहीं बनाएंगे।

पुलिस थाने में सरेंडर करने वाले शराब माफिया ने दावा किया वो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं। वहीं इस मामले में शाहजहांपुर एसपी एस आनंद ने बताया कि खुटार थाना क्षेत्र के मेनिया गांव में पांच शराब माफिया कच्ची शराब बनाने और बेचने का अवैध काम करते हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर सिंह, रोशन सिंह, देशराज सिंह, चमन सिंह और गुरमीत थाने पहुंचे।
शराब माफियाओं ने हाथों में एक पोस्टर भी ले रखा था, जिसमें लिखा था, 'हम शराब के बनाने के काम में शामिल हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की नीतियों से प्रभावित होकर हम यह धंधा छोड़ रहे हैं और यहां सरेंडर करने आए हैं।' थाना प्रभारी (एसएचओ) धनंजय सिंह के सामने शराब माफियाओं ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से चार हिस्ट्रीशीटर हैं। शाहजहांपुर के एसपी ने बताया कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों पर कड़ी कार्रवाई के बाद इन पांचों लोगों में दहशत फैली हुई थी।
एसपी ने कहा कि पोस्टर में इन गैंगस्टरों के दोबारा शराब के धंधे में ना शामिल होने की प्रतिज्ञा ली। हालांकि एसएचओ ने इन गैंगस्टरों को इस तरह की गतिविधियों में शामिल न होने की चेतावनी देकर रिहा कर दिया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस हाल के दिनों में राज्य में अवैध शराब के धंधे पर छापेमारी कर रही है। उत्तर प्रदेश चुनावों से पहले पुलिस ने 30 सितंबर, 2021 से शुरू किए गए एक अभियान के दौरान 5.8 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की थी और 7,744 अवैध हथियार और 11,690 किलोग्राम ड्रग्स को भी बरामद किया था।












Click it and Unblock the Notifications