9 दिन से लापता बच्ची को नहीं खोज पाई पुलिस, सुसाइड नोट लिख एलआईयू कर्मी पिता भी गायब
Shajahanpur news, शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में नाबालिग बेटी के लापता होने के कुछ दिन बाद एलआईयू कर्मी पिता भी गायब हो गया। एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमे एलआईयू कर्मी ने अपनी मौत का जिम्मेदार एसपी, इंस्पेक्टर, सीओ को बताया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि जल्द ही गायब नाबालिग को बरामद किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला
दरअसल, शाहजहांपुर में चौक कोतवाली निवासी एलआईयू कर्मी की 15 साल की बेटी 22 फरवरी को एक निजी नर्सिंग होम में मरीज को देखने गई थी। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, वह घर में रखे एक लाख रुपए, अपने कागजात से और सोने-चांदी के जेवर लेकर गई है। जब देर रात तक घर नहीं लौटी तो उसको रिश्तेदारों के घर तलाशा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पिता को अपने एक रिश्तेदार पर शक हुआ तो वह उसके घर पर पहुंचा, लेकिन वह भी घर पर नहीं मिला।

9 दिन बाद भी बेटी का नहीं चला पता
एलआईयू कर्मी ने रिश्तेदार पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाकर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। 9 दिन बीत जाने के बाद पुलिस लापता नाबालिग का पता नहीं लगा पाई। इधर, बेटी के लापता होने के बाद एलआईयू कर्मी भी लापता हो गया है, लेकिन उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को बताया है।

पिता ने सुसाइड नोट में लिखी ये बातें
सुसाइड नोट में एलआईयू कर्मी ने लिखा है ''जब मैं थाने गया तो दरोगा ने मेरी तहरीर बदलकर अपनी मर्जी से मुकदमा लिखा था, लेकिन ऐसा लगता है कि पुलिस आरोपी से मिल गई है। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही मेरी बेटी को ढूंढ रही है। बेटी के गायब होने से बहुत परेशान है। इसलिए मैं भी आत्महत्या कर लूंगा। मेरी मौत के जिम्मेदार यहां के इंस्पेक्टर, क्षेत्राधिकारी नगर और पुलिस अधीक्षक होंगे।'' एसपी एस चिनप्पा का कहना है कि पुलिस नाबालिग की तलाश कर रही है। पुलिस पर लापरवाही का आरोप गलत है। सुसाइड नोट के बारे में भी जांच की जा रही है। जल्द नाबालिग को बरामद किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications