आर्थिक तंगी के चलते बेटी की शादी का इंतजाम नहीं कर पाया किसान, खुद को मारी गोली
Shahjahanpur News, शाहजहांपुर। आर्थिक तंगी और बेटी की शादी का इंतजाम न कर पाने के चलते एक किसान ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बता दें कि किसान के ऊपर डेढ़ लाख रुपये का लोन भी था जिसको वह चुका नहीं पा रहा था। जबकि उसे उम्मीद थी कि किसान ऋण मोचन योजना के अंतर्गत उसका कर्ज माफ हो जाएगा। लेकिन कर्ज माफ नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है।

घटना सिंधौली थाना के सकुलिया गांव की है। यहां के रहने वाले सुशील कुमार भोजवाल (40) अपनी पत्नी शांति देवी और एक बेटा और तीन बेटियों के साथ रहते थे। सुशील पिछले लंबे समय से आर्थिक तंगी के दौर गुजर रहा था। उसके पास परिवार का खर्च चलाने के लिए महज चार बीघा खेती थी। जिस पर फसल बोकर वह अपना परिवार का पेट पालता था। उसने फसल तैयार करने के लिए स्टेट बैंक से डेढ़ लाख का कर्ज लिया था। इसी बीच सरकार की तरफ से किसान ऋण मोचन योजना शुरू हुई। जिसमे किसानों का कर्ज माफ किया गया।
सुशील को भी उम्मीद थी कि उसका भी कर्ज माफ हो जाएगा। लेकिन उसका कर्ज माफ नहीं हुआ। जिसके चलते वह तनाव मे रहने लगा। बीती रात उसने गांव से एक किलोमीटर दूर अपने खेत पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा दिया है। मृतक सुशील के भाई सुभाष ने बताया कि 28 मई 2019 को बेटी नीलम की शादी होना थी। सुशील बेटी की शादी का इंतजाम नहीं कर पा रहा था और उसे डेढ़ लाख रुपये का बैंक का कर्ज भी चुकाना था। जिस वजह से वह परेशान रहने लगा था। वहीं, इंस्पेक्टर राहुल सिंह का कहना है कि सुशील नाम के शख्स ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। वह मानसिक रूप से परेशान था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications